सतना। जिले के नागौद थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई गोलीबारी की दो अलग-अलग वारदातों के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की है.मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान प्रिंस यादव उम्र करीब 28 वर्ष निवासी बारापत्थर के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी प्रिंस के खिलाफ हत्या का प्रयास, चोरी, अवैध हथियार रखने और मारपीट जैसे लगभग 17 गंभीर आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं.
आरोपी द्वारा गोलीबारी की पहली वारदात 8 नवंबर को सुबह करीब साढ़े दस बजे ललचहा इलाके में राणा यादव की दुकान के पास हुई थी. प्रिंस यादव और उसके साथी अभिलाष लोधी ने मिलकर घनश्याम कुशवाहा को घेर लिया था. अभिलाष के साथ हुई पुरानी मारपीट के विवाद के चलते प्रिंस ने पिस्तौल से तीन राउंड गोलियां चला दी थीं. इस हमले में एक गोली घनश्याम की बाईं जांघ में लगी, जबकि दूसरी गोली उनकी दाईं जांघ को छूकर निकल गई.
घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस ने इस मामले में सह-आरोपी अभिलाष लोधी को पहले ही 12 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. जबकि मुख्य आरोपी प्रिंस फरार चल रहा था. वहीं आरोपी द्वारा गोली चलाने की दूसरी वारदात 14 नवंबर को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे बारापत्थर क्षेत्र में अच्छेलाल यादव के घर के पास अंजाम दी गई. प्रिंस मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचा और राणा यादव की स्कूटी के ठीक सामने अपनी बाइक अड़ा दी. इसके बाद उसने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जो राणा यादव की पीठ को छूकर निकल गई.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जब्ती
लगातार दो वारदातों के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया. साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 14 नवंबर की रात मुख्य आरोपी प्रिंस को दबोच लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, एक बिना नंबर की काली स्प्लेंडर बाइक जब्त की है. जब्त गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 75,600 रुपए बताई गई है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे पुलिस रिमांड में तहत भेज दिया गया है.
