
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह रविवार, 16 नवंबर को मल्टी आर्ट सभागार में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल करेंगे। दीक्षांत समारोह में 57 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा। वहीं, विभिन्न संकायों के कुल 384 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 224 शोधार्थियों को पीएचडी, 134 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर (पीजी) तथा 26 विद्यार्थियों को स्नातक (यूजी) की डिग्रियां शामिल हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह होंगे। जबकि दीक्षांत भाषण सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दांडिक न्याय विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु डॉ. आलोक त्रिपाठी (आईपीएस) देंगे। भारत सरकार के पूर्व उच्चायुक्त प्रो. आई.एस. चौहान सारस्वत अतिथि के रूप में समारोह में उपस्थित रहेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को यादगार और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
फाइनल रिहर्सल में निकाला गया प्रोसेशन, मंच पर डिग्री और मेडल वितरण का किया अभ्यास
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को विश्वविद्यालय में फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत और कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा की उपस्थिति में हुई इस रिहर्सल में सभी डीन, कार्यपरिषद सदस्य, कोर्ट सदस्य एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने सहभागिता की।
रिहर्सल के दौरान दीक्षांत समारोह की वास्तविक प्रक्रिया के अनुरूप प्रोसेशन निकाला गया। मंच पर विद्यार्थियों को उपाधियां और गोल्ड मेडल प्रदान करने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। समारोह के दौरान अतिथियों, कुलगुरु, अधिकारियों एवं उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के मंच पर पहुंचने से लेकर निर्धारित स्थान ग्रहण करने तक की व्यवस्थाओं को भी परखा गया। दर्शक दीर्घा में भी व्यवस्था का परीक्षण किया गया, ताकि वास्तविक समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रिहर्सल के बाद कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं समितियों को आवश्यक निर्देश दिए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह के प्रत्येक चरण को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की है।
सुबह 10:30 बजे शुरू होगा समारोह, प्रवेश व्यवस्था निर्धारित
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दीक्षांत समारोह रविवार को सुबह 10:30 बजे प्रारंभ होगा। उपाधि एवं गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से निर्धारित समय से पहले मल्टी आर्ट सभागार पहुंचकर अपनी जगह ग्रहण करने की अपील की गई है। विद्यार्थियों को विशेष रूप से समय का ध्यान रखने और प्रवेश के दौरान निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। वीआईपी अतिथियों का प्रवेश राजमाता चौराहा गेट से होगा, जबकि अन्य सभी अतिथि, विद्यार्थी एवं अभिभावक गोविंदपुरी गेट से विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करेंगे। इससे परिसर में भीड़ का प्रबंधन और आवागमन सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
राजभवन और जिला प्रशासन ने भी परखी सुरक्षा व्यवस्था
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को राजभवन के सुरक्षा अधिकारियों ने विश्वविद्यालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भी विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अतिथियों के आगमन, वाहनों की पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन से संबंधित सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, जिससे समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
रिहर्सल में ये रहे उपस्थित
फाइनल रिहर्सल के दौरान कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, दीक्षांत समारोह के मुख्य समन्वयक प्रो. डी.एन. गोस्वामी, कार्यपरिषद सदस्य प्रदीप शर्मा, एडवोकेट भानु प्रताप सिंह चौहान, प्रो. जे.एन. गौतम, प्रो. समीर भागवंत, प्रो. शांतिदेव सिसोदिया, प्रो. विवेक बापट, प्रो. राजेंद्र खटीक, डॉ. स्वर्णा परमार, डॉ. नवनीत गरुड़, प्रो. एस.एन. महापात्रा, प्रॉक्टर प्रो. एस.के. सिंह, सहायक कुलसचिव कुलदीप सिंह चौहान एवं अमित सिसोदिया सहित विश्वविद्यालय के सभी डीन, कोर्ट सदस्य एवं कार्यपरिषद सदस्य उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह को लेकर उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों के लिए यह दिन उनकी वर्षों की मेहनत, शोध और शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान मिलने का अवसर होगा।
