महिला आरक्षक ने दिया मानवता और सेवा का परिचय
इंदौर: रेडिसन चौराहे पर शनिवार शाम एक सराहनीय मानवीय कार्य देखने को मिला, जब ड्यूटी पर तैनात एक महिला आरक्षक ने सड़क पर घायल हुए साइकिल चालक की तत्परता से मदद की. डीसीपी यातायात प्रबंधन ने महिला आरक्षक को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया.घटना देर शाम करीब 6ः30 बजे की है. इस दौरान रेडिसन चौराहे से गुजरते समय एक साइकिल सवार की साइकिल की चेन अचानक टूट गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके मुंह व दांतों में चोटें आईं.
मौके पर ड्यूटी दे रही महिला आरक्षक अरुणा ठाकरे ने तत्परता दिखाते हुए न केवल घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, बल्कि अपनी फर्स्ट एड किट से तुरंत प्राथमिक उपचार भी किया. इसके बाद घायल को अस्पताल भेजा गया. महिला आरक्षक के इस समर्पण, सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता से भरे कार्य की प्रशंसा करते हुए डीसीपी, यातायात प्रबंधन अरविंद तिवारी ने उन्हें नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया.
उन्होंने कहा कि, पुलिस की ड्यूटी केवल ट्रैफिक कंट्रोल तक सीमित नहीं है, जन सेवा और संकट के समय आमजन की मदद करना भी हमारा कर्तव्य है, जिसे महिला आरक्षक अरुणा ठाकरे ने बखूबी निभाया है. यह घटना न केवल पुलिसकर्मियों के कर्तव्यनिष्ठ रवैये को उजागर करती है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि थोड़ी सी मानवीय संवेदना किसी की जान बचा सकती है
