वाशिंगटन, 15 नवंबर (वार्ता) स्पेसएक्स ने अंतरिक्ष से लौटे अपने स्टारशिप यान को टेक्सास स्थित लॉन्च टावर की विशाल यांत्रिक भुजाओं से सफलतापूर्वक पकड़कर रॉकेट तकनीक में नया इतिहास रच दिया है।
अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और नासा प्रमुख जेरेड आइजैकमैन ने एलन मस्क और उनकी टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी है। इस परीक्षण में पहली बार कक्षा से लौटे किसी रॉकेट के ऊपरी हिस्से को लॉन्च स्थल पर सीधा पकड़ा गया। स्टारशिप ने अपनी 15वीं उड़ान के दौरान 26 स्टारलिंक उपग्रह भी कक्षा में स्थापित किए।
रॉकेट के निचले हिस्से सुपर हेवी बूस्टर को पकड़ने का प्रयास हालांकि असफल रहा। तकनीकी समस्या के कारण उसे समुद्र में निर्धारित स्थान पर उतारना पड़ा। स्पेसएक्स ने कहा कि बूस्टर की विफलता से उसके पूर्ण पुन: उपयोग योग्य रॉकेट विकसित करने की समय सीमा प्रभावित नहीं होगी।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा, “बधाई हो, एलन मस्क। आप एक महान अमेरिकी हैं। नई सीमाओं का नेतृत्व करते रहिए।” गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा, “इस स्टारशिप कैच के लिए स्पेस एक्स को बधाई। यह अब भी विज्ञान-कथा जैसा लगता है! इसे लाइव देखना अद्भुत अनुभव था।”
नासा प्रमुख जेरेड आइजैकमैन ने कहा, “एलन मस्क और स्पेसएक्स की पूरी टीम को बधाई! यह लगभग जादुई था… हर दिन अधिक से अधिक लोगों को इस मिशन का मुरीद बना रहे हैं।”दूसरी ओर, एलन मस्क ने अपनी टीम को बधाई देते हुए कहा, “स्पेसएक्स की शानदार टीम को बहुत-बहुत बधाई!!!”

