
इंदौर. केंद्रीय जेल में रविवार को आध्यात्मिक आयोजन के जरिए बंदियों को सकारात्मक जीवन की प्रेरणा देने के उद्देश्य से 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया. अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में जेल के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में बंदियों ने भी हिस्सा लिया.
महायज्ञ का शुभारंभ मुख्य अतिथि जेल महानिदेशक एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर और डॉ. सौम्या कपूर की मौजूदगी में गायत्री मंत्रोच्चार के साथ हुआ. इस दौरान 108 कुंडों पर बैठकर बंदियों ने गायत्री मंत्र के साथ आहुतियां दीं. उन्होंने समाज में शांति, सद्भावना और सकारात्मक बदलाव की कामना की.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. वरुण कपूर ने कहा कि यज्ञ और संस्कार व्यक्ति के मन को शुद्ध करते हैं. जेल का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि बंदियों का सुधार और पुनर्वास भी है. ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों से बंदियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है, उन्होंने गायत्री परिवार के इस प्रयास की सराहना की. कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, याज्ञिकों और बंदियों को प्रसाद वितरित किया. आयोजन में जेल स्टाफ और गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा. जेल अधीक्षक दिनेश कुमार नरगावे ने बताया कि गायत्री महायज्ञ का उद्देश्य व्यक्ति, परिवार और समाज का निर्माण करना है. जेल परिसर में इस तरह के आयोजन से बंदियों को मानसिक शांति मिलेगी. हमारा प्रयास है कि बंदी जेल से बाहर जाने के बाद एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें.
