सिंधुदुर्ग-नवी मुंबई के बीच दैनिक उड़ान सेवा सोमवार से शुरू

कोल्हापुर, 15 नवंबर (वार्ता) महाराष्ट्र के मत्स्य पालन और बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे ने घोषणा की है कि सिंधुदुर्ग (चिपी) और नवी मुंबई के बीच एफएलवाई91 की दैनिक उड़ान सेवा सोमवार से शुरू होगी।

सिंधुदुर्ग के लोगों को संबोधित करते हुए सिंधुदुर्ग जिले के संरक्षक मंत्री राणे ने कहा कि दैनिक उड़ान सेवा शुरू होने से जिले में पर्यटन विकास और आर्थिक समृद्धि को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सेवा से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, खासकर पर्यटन क्षेत्र में।

श्री राणे ने कहा कि पूर्व के वर्षों में, पूर्व मंत्री नारायण राणे और पूर्व संरक्षक मंत्रियों दीपक केसरकर, उदय सामंत और रवींद्र चव्हाण ने भी यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए कि हवाई अड्डा पूरी तरह से चालू रहे। उन्होंने आगे कहा कि, प्रभारी मंत्री के तौर पर, उन्होंने तकनीकी कठिनाइयों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकें जारी रखीं और हवाई अड्डे के आसपास नाइट लैंडिंग सुविधाओं, सड़क संपर्क और बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दों पर कार्रवाई की।

इस मामले में सहयोग के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और दोनों उप-मुख्यमंत्रियों को धन्यवाद देते हुए श्री राणे ने कहा, “16 नवंबर को न केवल उड़ानें शुरू होंगी बल्कि इससे सिंधुदुर्ग जिले के विकास एवं पर्यटन क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा। आइए, हम सब मिलकर रोजगार के नए अवसर पैदा करें और एक विकसित सिंधुदुर्ग बनाने की दिशा में काम करें।”

 

Next Post

पंचायत चुनाव के चौथे एवं अंतिम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 71.71 प्रतिशत रहा मतदान

Sun Nov 15 , 2026
जयपुर, 15 नवंबर (वार्ता) राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चौथे एवं अंतिम चरण में 25 जिलों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए शनिवार को 71.71 मतदान रहा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान के प्राप्त अंतिम आंकड़ों के बाद मतदान 71.71 […]

You May Like