पाकिस्तान का दावा, उत्तर वजीरिस्तान, बलूचिस्तान में मारे गए 24 उग्रवादी

इस्लामाबाद, (वार्ता) पाकिस्तान की सेना ने शनिवार को दावा किया कि उत्तर वजीरिस्तान और बलूचिस्तान में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में 24 उग्रवादी मारे गए। इस दौरान अलग-अलग मुठभेड़ों में सेना के तीन जवान भी मारे गए।

सेना की मीडिया इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, उत्तर वजीरिस्तान के मीर अली, दत्ता खेल और आसपास के इलाकों में की गई कार्रवाई में 16 उग्रवादी मारे गए, जिनमें दो अफगान नागरिक भी शामिल थे। सेना ने उन्हें तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का सदस्य बताया। घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।

इस दौरान स्वाबी जिले के 43 वर्षीय हवलदार असमत अली और मरदान जिले के 32 वर्षीय नायक आफताब अली मारे गए।

एक अन्य अभियान में शुक्रवार रात से शनिवार तक बलूचिस्तान के कोलपुर में आठ ‘उग्रवादी’ मारे गए, जिनमें एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था। वहां से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।

आईएसपीआर ने कहा कि शनिवार को एक उग्रवादी ने सशस्त्र क्वाडकॉप्टर के जरिये सैन्य गश्ती वाहनों को निशाना बनाया। इस हमले में चकवाल जिले के मेजर उमर मिन्हास नासिर और कोटली सत्तियां के हवलदार मुहम्मद अदनान खान मारे गए।

सेना ने कहा कि राष्ट्रीय कार्ययोजना के तहत संघीय शीर्ष समिति द्वारा मंजूर उग्रवाद विरोधी अभियान ‘अज्म-ए-इस्तेहकाम’ के तहत तलाशी और सफाया अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक उग्रवाद के सभी खतरे समाप्त नहीं हो जाते।

Next Post

उत्तराखंड में विशेष अभियान के बाद मतदाता सूची में 1.25 लाख नाम जुड़े

Sun Nov 15 , 2026
देहरादून, (वार्ता) उत्तराखंड में चार अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मतदाता सूची में सुधार और अद्यतन के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। इसके साथ राज्य में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 72,78,035 हो गई है। अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे […]

You May Like