सिडनी, 05 जनवरी (वार्ता) इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट ने सोमवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर पांचवें एशेज टेस्ट के दूसरे दिन अपना 41वां शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के रिकार्ड की बराबरी कर ली और पुरुषों के टेस्ट शतकों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गए।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वेबसाइट के अनुसार, पहले दिन खेल जल्दी खत्म होने के बाद 72 रन से आगे खेलते हुए, रूट ने शांत और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए भोजनकाल के बाद 160 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 41वां शतक पूरा किया।
यह शतक रूट का मौजूदा दौरे का दूसरा शतक है जिसने ऑस्ट्रेलिया में लंबे समय से चले आ रहे शतकों के सूखे को खत्म किया। इस शतक के साथ ही रूट टेस्ट क्रिकेट में वह सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रिकी पोंटिंग (41) की बराबरी कर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इसस मामले में भारत के सचिन तेंदुलकर (51) शतकों के साथ पहले जैक कैलिस (45) शतकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
