जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुई राज्यमंत्री
सतना :स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस के अवसर पर युवा दिवस के उपलक्ष्य में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन 12 जनवरी को किया गया। युवा दिवस के अवसर पर सभी शिक्षण संस्थाओं सहित जिलेभर में स्वामी विवेकानंद पर केन्द्रित प्रेरणादायी सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। जिला स्तर के प्रमुख कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक एक सतना के मैदान में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागऱी के मुख्यातिथ्य में सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजित कार्यक्रम में चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार में भाग लिया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागऱी ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम को नियमित रूप से करने पर होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभ के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं से कहा कि सांसों का संतुलन बनाकर हम योग करते हैं तो निरोग रहते हैं। निरोगी रहना और जीवन पर्यन्त युवा होने का अनुभव प्राप्त करना है तो योग आपका सहयोगी होगा। निरोगी काया, मानसिक संतुलन और प्रफुल्लित मन योग के माध्यम से ही अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढी के लिए योग बहुत उपयोगी है। तनाव भरा जीवन और खान-पान में विसंगतियां के बीच जीवन में संतुलन बनाये रखने में योग का महत्वपूर्ण स्थान है। राज्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा एक-दो प्रयास में लक्ष्य प्राप्त न कर पाने पर निराश हो जाते हैं। कोई लक्ष्य ऐसा नहीं है जिसे पाया नहीं जा सकता, लेकिन इसके लिए अटूट परिश्रम करना पडता है। कडी मेहनत हमें अपने लक्ष्य तक ले जाती है।
राज्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का शुभारंभ किया। युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन एक साथ एक संकेत पर किया गया प्रातः 9 बजे से 10ः30 बजे तक होने वाले सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के आयोजन में स्वयंसेवी संगठन आम नागरिकों की भी भागीदारी रही। सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के ओजस्वी भाषण के अलावा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का प्रसारण किया गया। सूर्य नमस्कार कार्यक्रम राष्ट्रगान गायन के साथ संपन्न हुआ।
