दिल्ली में एक्यूआई 367 के साथ ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बरकरार, हल्की बारिश से मिल सकती है थोड़ी राहत, 16 नवंबर से गिरेगा पारा

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) दिल्ली में शनिवार को भी खतरनाक वायु प्रदूषण का प्रकोप रहा और 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 367(बेहद खराब श्रेणी) दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने हालांकि रविवार को बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान जताया है, जिससे प्रदूषण से कुछ अस्थायी राहत मिल सकती है।

शुक्रवार के 373 के मुकाबले शनिवार को शहर के एक्यूआई में मामूली सुधार हुुआ और यह 367 पर आ गया। प्रदूषण का असर हालांकि व्यापक बना रहा और कुल 59 निगरानी केंद्रों में से 17 में हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गयी, जबकि 38 केंद्र ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहे। तीन केंद्रों में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ और केवल एक केंद्र पर ‘मध्यम’ श्रेणी में रही।

राष्ट्रीय राजधानी में पीएम10 प्रमुख प्रदूषक के रूप में उभरा, जो हवा में धूल कणों की उच्च मात्रा को दर्शाता है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने अगले दो दिनों में प्रदूषण के स्तर में सुधार के संकेत दिए हैं और पीएम2.5 तथा पीएम10 दोनों के स्तर में गिरावट आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो इस क्षेत्र के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से दिल्ली में बादल छाए रहने के आसार हैं और रविवार सुबह तथा दोपहर से पहले कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग ने 15 नवंबर को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान दिन का तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। सुबह के समय अधिकतर स्थानों पर धुंध और हल्का कोहरा छाया रह सकता है, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा संभव है, हालांकि संभावित बारिश बहुत कम समय के लिए होगी। विभाग ने 16 नवंबर से आसमान मुख्य रूप से साफ रहने तथा सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। 16 से 20 नवंबर के बीच बारिश का कोई अनुमान नहीं है।

सोलह नवंबर से मौसम में धीरे-धीरे ठंडक बढ़ने की उम्मीद है। उस दिन न्यूनतम तापमान गिरकर 14-16 डिग्री सेल्सियस और 18 से 20 नवंबर के बीच और गिरकर 12-14 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। विभाग ने 16-20 नवंबर के दौरान रात के तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट का अनुमान जताया है। अगले 24 घंटों में 3-4 डिग्री सेल्सियस की शुरुआती गिरावट के बाद अधिकतम तापमान काफी हद तक स्थिर रहने के आसार हैं और आने वाले सप्ताह के अधिकतर दिनों में दिन का तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में शनिवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान एक डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई।

मौसम विभाग ने सुबह के समय अधिकतर स्थानों पर हल्का कोहरा और कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा छाए रहने की भी सूचना दी।

 

Next Post

दर्द से जूझ रहे आर्यवीर सहवाग ने मैदान से जाने से इनकार कर दिया था

Sat Nov 14 , 2026
अल अमीरात, 14 नवंबर (वार्ता) दर्द उन्हें मैदान से बाहर नहीं कर सका और न ही कठिन लक्ष्य उनके विश्वास को डिगा सका। भारत के अंडर-19 बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ क्रीज पर टिके रहने के लिए प्रतिबद्ध थे, यह जानते हुए कि उनके द्वारा […]

You May Like