नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थ तस्करी के एक प्रयास को विफल करते हुए यूरोप से आये डाक पार्सल से 10.8 किलोग्राम एम्फ़ैटेमिन जब्त किया है।
वित्त मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि तस्करी के लिए वैध डाक व्यापार चैनलों का इस्तेमाल किया जा रहा था। डीआरआई ने खुफिया जानकारी के आधार पर नयी दिल्ली स्थित विदेश डाकघर में एक संदिग्ध पार्सल को रोककर यह कार्रवाई की।
मंत्रालय ने कहा कि यूरोपीय देश से आये इस पार्सल में कपड़े होने की घोषणा की गयी थी। शुरुआती जांच में शिपिंग कार्टन के अंदर सामान्य घरेलू कपड़े मिले, लेकिन पैकेजिंग की गहन जांच करने पर उसमें छिपाकर रखे गये आठ पैकेट बरामद हुए। ये पैकेट कार्टन के चारों किनारों पर दो-दो की संख्या में प्लास्टिक पाउच के रूप में छिपाये गये थे।
अधिकारियों ने गुलाबी रंग के पाउडर से भरे सभी आठ पैकेटों की जांच की, जिसमें एम्फ़ैटेमिन होने की पुष्टि हुई। जब्त प्रतिबंधित नशीले पदार्थ का कुल वजन 10.8 किलोग्राम है। डीआरआई ने एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत इसे जब्त कर लिया है।
डीआरआई ने बताया कि मामले में अंतरराष्ट्रीय तस्करी के पीछे सक्रिय व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। एजेंसी ने कहा कि वैध व्यापार और डाक सेवाओं की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
