नेपाल के जनकपुर धाम और भारत के अयोध्या के बीच दौड़ेगी ट्रेन, रेलवे ने साप्ताहिक ट्रेन सेवा को दी मंजूरी

नेपाल के जनकपुर धाम और भारत के अयोध्या के बीच दौड़ेगी ट्रेन, रेलवे ने साप्ताहिक ट्रेन सेवा को दी मंजूरी

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) रेलवे ने सीमा पार संपर्क, धार्मिक पर्यटन और भारत-नेपाल मित्रता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए अयोध्या और नेपाल में जनकपुर धाम के बीच साप्ताहिक ट्रेन चलाने की निर्णय लिया है। रेलवे ने शनिवार को बताया कि भारत और नेपाल के दो धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नयी साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने को मंजूरी दी गयी है। रेलवे के अनुसार यह रेल सेवा रामायण परंपरा से जुड़े दो प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली माना जाता है। इस पहल से दोनों देशों के यात्रियों को इन प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत भी मजबूत होगी।

करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह साप्ताहिक ट्रेन जनकपुर धाम को अयोध्या कैंट से जोड़ेगी। इस दौरान यह बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी। इस ट्रेन का व्यावसायिक ठहराव जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में होगा। यह रेल सेवा सप्ताह में एक दिन चलेगी। जनकपुर धाम से यह ट्रेन शनिवार को और अयोध्या कैंट से सोमवार को रवाना होगी।
रेलवे ने कहा कि इस नयी रेल सेवा से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों के लिए सीमा पार यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। इससे जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, रामायण से जुड़े पर्यटन मार्गों के विकास और शिक्षा, व्यापार तथा पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार रेल संपर्क बेहतर होने से मार्ग में पड़ने वाले क्षेत्रों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा। इससे पर्यटन संचालकों, होटल और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठानों, स्थानीय व्यापारियों तथा पारंपरिक कारीगरों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को यात्री परिवहन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और आर्थिक तथा सामाजिक संबंध मजबूत होंगे। रेलवे ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक संबंध हैं। धार्मिक परंपराएं और सीमा के दोनों ओर रहने वाले समुदायों के आपसी रिश्ते इस साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। नई रेल सेवा दोनों देशों के बीच सहयोग को एक नया आयाम देगी और रेल संपर्क के माध्यम से लोगों को एक-दूसरे के करीब लाएगी। इस पहल के जरिए भारतीय रेलवे यात्री सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही क्षेत्रीय पर्यटन, आर्थिक गतिविधियों और दोनों पड़ोसी देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता को मजबूत करने में योगदान दे रहा है।

.....

Next Post

'ओम' के ट्रेलर में धनुष का दमदार अवतार, ममूटी का दबदबा और साई पल्लवी का बेखौफ अंदाज

Sat Nov 14 , 2026
मुंबई, 14 नवंबर (वार्ता)दक्षिण भारतीय सिनेमा के सितारों से सजी फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में धनुष का जबरदस्त एक्शन अवतार, ममूटी की दमदार मौजूदगी और साई पल्लवी का बेखौफ अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। राजकुमार पेरियासामी […]

You May Like