जबलपुर: जिले में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द के उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया 25 मई से प्रारंभ हो गई है। समर्थन मूल्य पर मूंग और उडद का विक्रय करने के लिए किसान 15 जून तक अपना पंजीयन करा सकेंगे। उप संचालक कृषि उमेश कटहरे ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द के रकबे के आधार पर जिले में तहसीलवार कुल 28 पंजीयन केन्द्र स्थापित किये गये हैं।
पंजीयन केन्द्रों के अलावा किसान एम पी किसान एप, एम पी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर, लोक सेवा केन्द्र, साइबर कैफे एवं स्वयं के मोबाइल के माध्यम से भी पंजीयन करा सकते हैं। उप संचालक कृषि ने ग्रीष्म कालीन मूंग एवं उडद उत्पादक किसानों से 15 जून तक पंजीयन करा लेने का आग्रह किया है।
