नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बेंगलुरु क्षेत्रीय कार्यालय ने कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) भर्ती घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए केपीएससी के पूर्व पदाधिकारियों की 1.22 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी तौर पर कुर्क कर लिया है। कुर्क की गई संपत्तियां केपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहूकार, आयोग की तत्कालीन सदस्य गीता बीवी शिवमूर्ति और तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक (सीओई) एवं आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार से जुड़ी हैं।ईडी की जांच में सामने आया है कि केपीएससी के इन शीर्ष अधिकारियों ने बसवराज कन्नले और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अपने पद का दुरुपयोग किया था।
आरोपियों ने पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के पदों पर भर्ती परीक्षा में चयन का आश्वासन देकर और फर्जी प्रमाण पत्रों के जरिए उम्मीदवारों से भारी मात्रा में अवैध रिश्वत वसूली थी।जांच के अनुसार, गंगवार ने परीक्षा से एक दिन पहले (सात जनवरी को) अपने करीबी सहयोगी कन्नले को सही उत्तरों के साथ प्रश्नपत्र लीक किए थे। इसके बाद कन्नले ने बेंगलुरु के बाहरी इलाकों में 10 अभ्यर्थियों को ये प्रश्नपत्र बांटे और प्रति उम्मीदवार 20 लाख से 40 लाख रुपये तक की अवैध राशि वसूली। अग्रिम भुगतान के अलावा आरोपियों ने उम्मीदवारों से खाली हस्ताक्षरित चेक और वचन पत्र भी गारंटी के रूप में लिए थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि तत्कालीन अध्यक्ष साहूकार और सदस्य शिवमूर्ति ने अभ्यर्थियों से नकद राशि वसूली थी। साहूकार ने एक उम्मीदवार से 20 लाख की डील के एवज में 10 लाख रुपये नकद लिए, जबकि शिवमूर्ति ने दूसरे उम्मीदवार से 40 लाख की डील के एवज में 20 लाख रुपये नकद वसूले। इसके अलावा, अवैध रूप से अर्जित धन को छिपाने के लिए बिदर स्थित सहकारी संघ ओम लक्ष्मी सौहार्द सहकारिता संघ और अन्य फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। ईडी इस मामले में पहले ही सख्त कार्रवाई करते हुए कन्नले को 17 सितंबर, गंगवार को 18 सितंबर तथा साहूकार और शिवमूर्ति को छह अक्टूबर को पीएमएलए की धारा 19 के तहत गिरफ्तार कर चुका है।
मामले में संघीय एजेंसी की जांच जारी है।

