ग्वालियर: रेलवे स्टेशन पर एक महिला ने अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ आत्महत्या करने का प्रयास किया। रेलवे सुरक्षा बल ने महिला और बच्चे की जान बचा ली। आरपीएफ की टीम स्टेशन यार्ड में गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने एक महिला को अपने छोटे बच्चे के साथ रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे देखा। महिला के असामान्य व्यवहार को देखते हुए आरपीएफ कर्मियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला व बच्चे को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सम्राट रोड की निवासी है। वह लंबे समय से ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक प्रताड़ना से परेशान थी। इसी तनाव में उसने अपने मोबाइल से परिजनों को एक सुसाइड नोट भेजा था, जिसमें लिखा था, मेरी सास नागिन है। इसके बाद वह अपने बेटे को लेकर आत्महत्या करने रेलवे स्टेशन पहुंची थी। महिला के परिजन सुसाइड नोट मिलने के बाद घबरा गए और उसकी तलाश शुरू कर दी थी। सूचना मिलने पर महिला के भाई और पति भी रेलवे स्टेशन पहुंचे। अधिकारियों ने महिला और उसके परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद महिला को बच्चे सहित सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
