सतना: जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नागौद तहसील के ग्राम शिवराजपुर में 50 मेगावाट क्षमता का ‘सौर ऊर्जा सह भण्डारण पार्क स्थापित किया जाएगा. शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने अधिकारियों की बैठक लेकर परियोजना की तैयारियों की समीक्षा की. इसके विकास की जिम्मेदारी रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड को सौंपी गई है.
बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री श्रीवास्तव ने परियोजना की बाउंड्री और एरिया स्पष्ट करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कोयले की तुलना में सौर ऊर्जा काफी सस्ती है और इस प्लांट के बनने से सतना व आसपास के जिलों सहित अन्य राज्यों को भी सस्ती बिजली मिल सकेगी. साथ ही पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे.
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि प्लांट के लिए शिवराजपुर में 187.6 हेक्टेयर (463.59 एकड़) बंजर भूमि का चयन राजस्व और वन विभाग के संयुक्त सर्वे से किया गया है. जिसकी सीमाएं ग्राम मडई और मोरा से सटी हैं. इस समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम नागौद सुमेश द्विवेदी, तहसीलदार ऋषिराज सिंह व प्रज्ञा द्विवेदी, नायब तहसीलदार यादवेन्द्र मणि त्रिपाठी सहित वन विभाग एवं रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे
