नयी दिल्ली, 20 अगस्त (वार्ता) भारत ने उसकी धरती से बंगलादेश विरोधी गतिविधि चलाये जाने के बंगलादेश की अंतरिम सरकार के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उसे इस तरह की किसी भी गतिविधि की जानकारी नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बंगलादेश की अंतरिम सरकार द्वारा इस संबंध में जारी प्रेस वक्तव्य पर मीडिया के सवालों के जवाब में बुधवार को कहा कि भारत सरकार को भारत में अवामी लीग के कथित सदस्यों द्वारा बंगलादेश विरोधी किसी भी गतिविधि या भारतीय कानून के विरुद्ध किसी भी कार्रवाई की जानकारी नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कि सरकार भारतीय धरती से अन्य देशों के विरुद्ध राजनीतिक गतिविधियों की अनुमति नहीं देती है।
उन्होंने कहा कि बंगलादेश की अंतरिम सरकार का प्रेस वक्तव्य अनुचित है।
प्रवक्ता ने कहा कि भारत एक बार फिर उम्मीद करता है कि जनता की इच्छा और जनादेश जानने के लिए बंगलादेश में जल्द से जल्द स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनाव कराये जायेंगे।
उल्लेखनीय है की अवामी लीग बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी है। सुश्री हसीना उनकी सरकार के तख्तापलट के बाद से भारत में निर्वासित जीवन जी रही है।
