प्रदूषण की गिरफ्त में शहर, सांसों पर गहराया संकट

सीहोर। दीपावली के बाद वातावरण में घुला आतिशबाजी का धुआं, जगह-जगह जलाए जा रहे कचरे से उठता जहरीला धुआं और मौसम में आए बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है. शहर में सर्दी, खांसी, सांस लेने में तकलीफ और एलर्जी से पीडि़त मरीजों की संख्या बढ़ रही है. जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं, वहीं वार्डों में भी मरीजों की संख्या बढ़ी हुई है. सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को हो रही है. हालात यह हैं कि बदलते मौसम के साथ प्रदूषित वातावरण लोगों की सेहत के लिए दोहरी चुनौती बन गया है.

मौसम में बदलाव के साथ ही बीमारियों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. दिन और रात के तापमान में अंतर बढऩे से सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं. वहीं दीपावली के दौरान हुई आतिशबाजी से वातावरण में फैले धुएं और धूल के महीन कणों ने सांस संबंधी परेशानियों को और बढ़ा दिया है. शहर के कई इलाकों में खुले स्थानों पर कचरा जलाने की प्रवृत्ति भी थम नहीं रही है. प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य कचरे को जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं आसपास के रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है. सुबह की सैर पर निकले लोगों को कचरे का धुआं बीमार कर रहा है.

जिला अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों में सांस लेने में परेशानी, गले में खराश, सूखी खांसी, जुकाम, एलर्जी और सीने में जकडऩ जैसी शिकायतें देखने को मिल रही हैं. अस्थमा और एलर्जी से पीडि़त मरीजों की परेशानी भी बढ़ सकती है. चिकित्सकों के अनुसार वातावरण में मौजूद धूल और धुएं के सूक्ष्म कण सांस के साथ शरीर में पहुंचकर श्वसन तंत्र को प्रभावित करते हैं. इससे संवेदनशील लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है. विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर होने के कारण उन्हें सावधानी बरतने की जरूरत है.

चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम और प्रदूषण के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी परेशानी बढ़ा सकती है. खासकर अस्थमा, एलर्जी, हृदय रोग और सांस संबंधी पुरानी बीमारियों से पीडि़त लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. धूल और धुएं के संपर्क में आने से बचें तथा परेशानी होने पर स्वयं दवाइयां लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लें. सांस लेने में अधिक परेशानी, सीने में दर्द या ऑक्सीजन की कमी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए. शहरवासियों का कहना है कि प्रदूषण की समस्या केवल दीपावली के पटाखों तक सीमित नहीं है. शहर में जगह-जगह कचरा जलाने की घटनाएं भी वातावरण को दूषित कर रही हैं. ऐसे में नगर पालिका को कचरा जलाने वालों पर कार्रवाई करने के साथ नियमित सफाई और कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का अवसर मिल सके.

बच्चों की सेहत पर प्रदूषण का असर

बाल रोग विशेषज्ञ के अनुसार प्रदूषित वातावरण का बच्चों की सेहत पर जल्दी असर पड़ सकता है. बच्चों की सांस लेने की नलियां संवेदनशील होती हैं. धुआं, धूल और प्रदूषण के संपर्क में आने से खांसी, जुकाम, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी और एलर्जी की शिकायत हो सकती है. जिन बच्चों को पहले से अस्थमा या एलर्जी की समस्या है, उनकी परेशानी बढऩे की आशंका रहती है. अभिभावकों को चाहिए कि बच्चों को अत्यधिक ठंड और धुएं वाले वातावरण में बाहर खेलने से बचाएं. घर के पास कचरा जलाने पर रोक लगवाएं और बच्चों को धुएं से दूर रखें. बच्चे को लगातार खांसी, सांस तेज चलने या सांस लेने में कठिनाई हो तो घरेलू उपचारके बजाय तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें.

चिकित्सकों ने दी विशेष सावधानी बरतने की सलाह

धूल, धुएं और आतिशबाजी से निकलने वाले प्रदूषित कणों के संपर्क में आने से बच्चों को खांसी, जुकाम, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है. जिन बच्चों को पहले से एलर्जी या अस्थमा की समस्या है, उन्हें विशेष सावधानी रखने की जरूरत है.लगातार खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाएं.

डॉ. गौरव ताम्रकार, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल सीहोर

बुजुर्ग, अस्थमा, एलर्जी और हृदय रोग से पीडि़त लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है. लोगों को अनावश्यक रूप से धूल और धुएं वाले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए. बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें, पर्याप्त पानी पिएं और अपनी नियमित दवाइयां समय पर लें. सांस लेने में परेशानी, सीने में जकडऩ या लगातार खांसी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लें.

डॉ. आरके वर्मा, एमडी मेडीसिन, जिला अस्पताल सीहोर

 

Next Post

स्थापना दिवस पर बीएचईएल का पौधरोपण अभियान शुरू

Sat Nov 14 , 2026
भोपाल। बीएचईएल भोपाल में गुरुवार को प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण के साथ स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने बीएचईएल का ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद बीएचईएल गीत का गायन किया गया। समारोह में महाप्रबंधक, डीआरओ, विभिन्न यूनियनों एवं एसोसिएशनों […]

You May Like