इंदौर: स्वच्छता को लेकर नगर निगम के जिम्मेदार बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर हकीकत कुछ और ही है. निगम कर्मी अपने कर्तव्य का निर्वहन ईमानदारी से नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण वार्डों में गंदगी पसरी दिखाई देती है.ऐसा ही मामला वार्ड 48 के बड़ी ग्वालटोली क्षेत्र के पासी मोहल्ले का सामने आया है. यहां की गलियों में गंदगी का साम्राज्य है, जहां कई महीनों से सफाई कर्मी नहीं पहुंच रहे, ऐसे में लोग अपने घरों और गलियों की सफाई खुद करने को मजबूर हैं.
बड़ी ग्वालटोली शहर का पुराना क्षेत्र है, यहां संकरी गलियां अधिक हैं. इसलिए नियमित सफाई जरूरी है. लेकिन गलियों में जगह-जगह कचरा जमा है. गंदगी से मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारियों का खतरा बना हुआ है. नगर निगम स्वच्छता अभियान के तहत शहरभर में सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की तैनाती के दावे करता है, लेकिन कई क्षेत्रों में सफाइकर्मी आते ही नहीं हैं. सितंबर 2026 की एक जानकारी के अनुसार इंदौर शहर में करीब 10 हजार सफाईकर्मी कार्यरत हैं, जो कम से कम दो शिफ्टों में काम करते हैं, इसके बावजूद पासी मोहल्ले की स्थिति निगम की निगरानी पर सवाल खड़े करती है. रहवासियों ने मांग की है कि क्षेत्र का निरीक्षण कर नियमित सफाई कराई जाए और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए.
यह बोले रहवासी…
गली की सफाई के अलावा ड्रेनेज की गंदगी भी साफ नहीं हो पाती, जिसके कारण क्षेत्र में दो तरफ से गंदगी फैल रही है. निगम को इस पर ध्यान देना चाहिए.
– विजय बोरासी
कर्मचारी लापरवाही करते हैं, नियमित तौर पर सफाई कर्मी को आना चाहिए और क्षेत्र की स्वच्छता को बरकरार रखना चाहिए. हमारे क्षेत्र के विकास के लिए हम वोट देते हैं.
– गेंदालाल
कचरा उठाना तो दूर की बात है, क्षेत्र में सफाई कर्मी ही नहीं आते. जगह-जगह गंदगी फैल रही है, कचरे के ढेर लगे हैं, ऐसे में अधिकतर छोटे बच्चे बीमारी की चपेट में आते हैं.
– राजेंद्र बोरासी
क्षेत्र में सीवेज लाइन पुरानी हो चुकी है, जिसे जल्द ही बदला जाएगा. सफाई को लेकर मैं तत्काल अधिकारियों और क्षेत्र दरोगा से बात कर समस्या का निराकरण करवाऊंगी.
– विजयालक्ष्मी गोहर, पार्षद
