
सीधी। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) रीवा की टीम ने गुरुवार की देर शाम 20 हजार की रिश्वत प्रथम किश्त में लेते छात्रावास अधीक्षक को दबोचा। यह रिश्वत दैनिक वेतनभोगी भृत्य से नियमितीकरण के लिए मांगी गई थी। ईओडब्ल्यू की 15 सदस्यीय टीम ने आरोपी अधीक्षक रामदरश द्विवेदी के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सीधी स्थित आवास में सुनियोजित तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार छात्रावास पतुलखी में पदस्थ अधीक्षक रामदरश द्विवेदी ने वहां केे दैनिक वेतनभोगी भृत्य सुरेश प्रसाद द्विवेदी से नियमितीकरण कराने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता सुरेश प्रसाद द्विवेदी ने नियमितीकरण करने के लिए आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के यहां आवेदन भी प्रस्तुत किया था। इसी प्रक्रिया में अधीक्षक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत ईओडब्ल्यू रीवा तक पहुंची। शिकायत के आधार पर ईओडब्ल्यू रीवा की टीम ने पूरी कार्ययोजना तैयार कर आरोपी अधीक्षक को दबोचने की कार्रवाई की। गुरुवार देर शाम एएसपी प्रभा किरण किर्रो के नेतृत्व में करीब 15 सदस्यीय टीम ने हाउसिंग बोर्ड कालोनी स्थित अधीक्षक के आवास पर दबिश देकर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप किया। कार्रवाई के बाद ईओडब्ल्यू की टीम आरोपी अधीक्षक एवं शिकायतकर्ता को लेकर आगे की कार्रवाई के लिए जमोड़ी स्थित वन विभाग के रेस्टहाउस पहुंची। यहां देर रात तक कार्रवाई चलती रही। इस दौरान टीम द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजोंं, लेन-देन और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच की गई। गौरतलब है कि जिले में लगातार लोकायुक्त की रिश्वत पकडऩे की कार्रवाई के बाद अब ईओडब्ल्यू के इस ट्रैप ने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार अपरान्ह को लोकायुक्त रीवा टीम द्वारा मझौली में ग्राम पंचायत सचिव को भी रिश्वत लेते ट्रैप किया गया।
सहायक आयुक्त भी बने आरोपी-
ईओडब्ल्यू रीवा द्वारा आरोपीगण कमलेश कुमार पाण्डेय, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सीधी जिला सीधी, रामदरश द्विवेदी अधीक्षक शासकीय आदिवासी बालक छात्रावास पतुलखी जिला-सीधी के विरुद्ध धारा- 61 (2) बीएनएस, धारा-7 भ्रनिअ. 1988 (संशोधन अधि.2018) का प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना में की जा रही है। उक्त ट्रेप कार्यवाही में अपुअ सुश्री प्रभा किरण किरो, निरीक्षक हरीश त्रिपाठी, उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, उप निरीक्षक संतोष पाण्डेय, घनश्याम त्रिपाठी ,प्रआर पुष्पेन्द्र पटेल , सत्य नारायण मिश्रा, ओंकार शुक्ला, संतोष मिश्रा आरक्षक, अजय कुमार पाण्डेय, अमित दुबे सम्मिलित रहे।
इनका कहना है –
बहरी निवासी सुरेश प्रसाद द्विवेदी द्वारा 4 नवंबर 2026 को एक आवेदन ईओडब्ल्यू कार्यालय रीवा में देकर शिकायत की गई थी कि नियमितीकरण के लिए 50 हजार रुपए के रिश्वत अधीक्षक रामदरश द्विवेदी द्वारा मांगी जा रही है। उक्त शिकायत के परिप्रेक्ष्य में पूरी कार्ययोजना के तहत हाउसिंग बोर्ड कालोनी सीधी में दबिश कार्रवाई करते हुए आरोपी अधीक्षक को 20 हजार रुपए की रिश्वत प्रथम किश्त में लेते ट्रैप किया गया। विवेचना के पश्चात अन्य आरोपियों पर भी मामला पंजीबद्ध किया जा सकता है।
प्रभाकिरण किर्रो, एएसपी ईओडब्ल्यू रीवा
हमारी नौकरी के नियमिती करण के लिए 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। यह रिश्वत वह देना नहीं चाहते थे इस वजह से ईओडब्ल्यू रीवा कार्यालय में रिश्वत मांगने की शिकायत किए थे। नियमितीकरण के संबंध में आदिवासी विकास विभाग के एसी से भी निवेदन किया था उनके द्वारा कहा गया था कि इस कार्य के लिए अपने छात्रावास अधीक्षक से संपर्क करो। उनके कहने पर ही अधीक्षक से बात किए जिसमें रिश्वत मांगी गई थी। इस मामले में एसी भी पूरी तरह से शामिल हैं।
सुरेश प्रसाद द्विवेदी, पीडि़त भृत्य
