
सिंगरौली । जिले के देवसर क्षेत्र में आज शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदवार चौकी के महुली खाड़ी प्राथमिक विद्यालय के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोडिया निवासी सुखदेव बैगा पिता लहुरमन बैगा उम्र 19 वर्ष बाइक से देवसर की ओर आ रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 1:30 बजे एक अज्ञात बोलेरो-पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद युवक की मौत हो गई। घटना के बाद अज्ञात बोलेरो-पिकअप वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही जियावन थाना क्षेत्र की कुंदवार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन की पहचान के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
ट्रैक्टर के चपेट में आने से युवक की मौत
निगरी निवासी ट्रैक्टर चालक खेत जोताई करने जा रहा था कि शुक्रवार की अल सुबह बिजली के खम्भे से टकरा गया, जहां चालक की दर्दनाक मौत हो गई। निगरी पुलिस चौकी प्रभारी नीरज सिंह चौहान से मिली जानकारी के अनुसार निगरी निवासी सुरेश सिंह पिता शेरबहादुर सिंह उम्र 20 वर्ष अल सुबह खेत की जोताई करने ट्रैक्टर लेकर जा रहा था कि तेज गति में होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बिजली के खम्भे से टकरा गया, जहां चालक की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी हमराह के साथ घटनास्थल पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
००००००
