तीन दिन में 5 दुर्घटना, अब स्कूली बच्चों से भरा टेम्पो खाई में गिरा

सोयतकलां, इंदौर-कोटा मार्ग पर सडक़ हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को सालियाखेड़ी से सोयतकला स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे तीन पहिया टेंपो को पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी. टक्कर से टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा. उसमें सवार 7 से 8 स्कूली बच्चे और चालक घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार टेंपो प्रतिदिन बच्चों को सालिया खेड़ी से सोयत कला स्कूल छोडऩे जाता है. हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं निजी अस्पताल ले जाया गया. उपचार के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया, जबकि चालक को झालावाड़ रैफर किया गया. पुलिस अज्ञात कार की तलाश कर रही है. बता दें दीपावली पर सोयतकला के समीप दो बाइकों की भिड़ंत हुई. पड़वा पर सोयतकला-खीधिया खेड़ी मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से राजस्थान निवासी बाइक सवार गंभीर घायल हुआ. भाई दूज पर निशानिया स्कूल जा रहे शिक्षक रामगोपाल मेहर और रामनारायण गुर्जर की बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी थी. दोनों शिक्षक घायल हुए और बोलेरो खाई में पलट गई. अब स्कूली बच्चों से भरे टेंपो का हादसा सामने आया है.

सडक़ सुरक्षा पर सवाल

लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक, गति नियंत्रण के उपाय और नियमित निगरानी जरूरी है. आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा. स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग पर ठोस कदम उठाने की जरूरत है.

Next Post

जिले में 6 लाख 90 हजार 782 मतदाता दर्ज

Fri Nov 13 , 2026
शाजापुर, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत फोटो निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े की अध्यक्षता में गत दिवस मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने […]

You May Like