नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वजीराबाद से ओखला तक यमुना किनारे गंदगी, बदहाली और कूड़े के ढेर लगे हुए हैं तथा 1400 छठ घाट बनाने का दावा पूर्वांचल के श्रद्धालुओं को गुमराह करने वाला है।
श्री यादव ने छठ पर्व के नहाय-खाय के अवसर पर वजीराबाद स्थित सूरघाट का दौरा कर यमुना की सफाई और छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सूरघाट पर नजफगढ़ नाला सीधे यमुना में गिर रहा है और श्रद्धालुओं को इसी दूषित पानी में स्नान करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यदि भाजपा नेताओं को यमुना की वास्तविक स्थिति देखनी है तो सोनिया विहार जैसे स्थानों पर जाने के बजाय उन जगहों पर जाकर स्नान करना चाहिए, जहां नाले सीधे नदी में गिरते हैं। इससे उन्हें पता चलेगा कि श्रद्धालु किस तरह अपनी आस्था के नाम पर स्वास्थ्य जोखिम में डाल रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता सरकार वीआईपी श्रद्धालुओं के लिए आईटीओ पर टैंकरों से पानी भरकर घाट तैयार कर रही है, जबकि लाखों पूर्वांचलवासी मैली यमुना में डुबकी लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यमुना का काला और जहरीला पानी सरकार के स्वच्छता संबंधी दावों की पोल खोल रहा है।
श्री यादव ने बताया कि सूरघाट पर पहुंची महिलाओं ने साफ-सफाई, शौचालय, सार्वजनिक सुविधाओं और कपड़े बदलने की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जतायी। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद हालात नहीं सुधरे हैं। पिछले 12 वर्षों में हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यमुना प्रदूषित बनी हुई है।
