रीवा सांसद के ‘नशेड़ी’ वाले बयान पर भडक़ा कांग्रेस किसान मोर्चा

रीवा, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर जिले में सियासी घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस किसान मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज सांसद के आवास का घेराव करने के लिए उग्र प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करते हुए वाटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का सहारा लेना पड़ा. कांग्रेस नेताओं और किसानों का आरोप है कि रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने खुले मंच से देश के अन्नदाताओं को ‘नशेड़ी’ कहकर उनका घोर अपमान किया है. इसी बयान से आक्रोशित कांग्रेस किसान मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित होकर आज सांसद आवास का घेराव करने निकले थे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नैतिकता के आधार पर उनके तत्काल इस्तीफे की मांग उठाई. प्रदर्शनकारी नेताओं ने पलटवार करते हुए सांसद पर ही विवादित टिप्पणी की. फिलहाल सांसद आवास की ओर बढ़ रही उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक लिया. जब कार्यकर्ता आगे बढऩे पर अड़ गए और माहौल तनावपूर्ण होने लगा, तो स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन पानी की बौछार का इस्तेमाल किया. फिर भीड़ के तितर-बितर न होने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े, जिसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जो किसान दिन-रात मेहनत कर पूरे देश का पेट पालते हैं, भाजपा सांसद द्वारा उन्हें नशेड़ी बताना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है. नेताओं ने चेतावनी दी कि किसानों का यह अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि सांसद अपने बयान पर माफी नहीं मांगते और पद से इस्तीफा नहीं देते, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा.

Next Post

22 नवंबर से गोमुख घाट, ओंकारेश्वर से होगा दिव्य हनुमंत भक्ति यात्रा का भव्य शुभारंभ

Fri Nov 13 , 2026
ओंकारेश्वर, 205 फीट ऊंची विश्व की सबसे विशाल पंचमुखी हनुमान प्रतिमा निर्माण के संकल्प की सिद्धि के लिए विष्णुधाम मंदिर ट्रस्ट के सेवादार करेंगे मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा आस्था, भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से श्री सिद्ध पीठ विष्णुधाम मंदिर ट्रस्ट, हीरापुर–भरवेली, बालाघाट द्वारा एक […]

You May Like