तेहरान, 13 नवंबर (वार्ता) ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की आवाज की नकल करते हुए एक व्यंग्यात्मक वीडियो प्रकाशित करने के मामले में ईरानी कॉमेडियन और ब्लॉगर सईद शकीबा को पांच साल कैद की सजा सुनाई गई है। मानवाधिकार वेबसाइट ‘हराना’ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला पिछले सप्ताह हुई अदालती सुनवाई के बाद सुनाया गया। शकीबा को “राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ एकत्र होने और मिलीभगत करने” का दोषी ठहराया है।
जेल में बंद शकीबा को बुधवार को इस फैसले की आधिकारिक सूचना दे दी गई। उल्लेखनीय है कि शकीबा को इस साल अक्टूबर की शुरुआत में उस व्यंग्यात्मक वीडियो के सामने आने के बाद गिरफ्तार किया गया था। ईरानी न्यायपालिका की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘मीज़ान’ ने भी पूर्व में इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू किए जाने की पुष्टि की थी और प्रकाशित सामग्री को “अपमानजनक और आपत्तिजनक” बताया था।

