टोक्यो, 13 नवंबर (वार्ता) विकसित अर्थव्यवस्थाओं में दीर्घकालिक अवधि संबंधी प्रवासन में आई व्यापक गिरावट के विपरीत जापान में वर्ष 2025 के दौरान प्रवासियों की तादाद में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को जारी ‘ओईसीडी इंटरनेशनल माइग्रेशन आउटलुक 2026’ रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
जापान टाइम्स के अनुसार देश ने पिछले वर्ष 1,92,000 नए दीर्घकालिक या स्थायी आप्रवासियों का स्वागत किया। इनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने अपनी निवास स्थिति में बदलाव कराया है। इसमें कुल संख्या में श्रम प्रवासियों की हिस्सेदारी 63 प्रतिशत रही। इसके अलावा, परिवार के सदस्यों की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत और मानवीय आधार पर आने वाले प्रवासियों की हिस्सेदारी मात्र 0.6 प्रतिशत दर्ज की गई।
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में जापान में दीर्घकालिक प्रवासन में सालाना आधार पर 9.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) के अन्य सदस्य देशों में 1.6 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। यह लगातार दूसरे वर्ष दर्ज की गई कमी है। पूरे ओईसीडी समूह में कुल 61 लाख नए स्थायी प्रवासी दर्ज किए गए हैं। यह सालाना गिरावट के बावजूद 2019 के महामारी-पूर्व स्तर से 12.5 प्रतिशत अधिक हैं। अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और जर्मनी जैसे प्रमुख देशों में प्रवासन घटा है, जबकि पुर्तगाल, इटली और स्पेन जैसे दक्षिणी यूरोपीय देशों में वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2024 में जापान आने वाले अधिकांश नए प्रवासी वियतनाम, चीन और इंडोनेशिया से थे। शीर्ष 15 मूल देशों में नेपाल से जापान आने वालों की संख्या में सबसे बड़ी वृद्धि दर्ज की गई। नेपाल से पिछले वर्ष की तुलना में 19,000 अधिक लोग पहुंचे, जबकि वियतनाम से आने वालों की संख्या में 14,000 की कमी आई।
रिपोर्ट में श्रमिकों की कमी विशेष रूप से दीर्घकालिक देखभाल क्षेत्र में देखा गया है। तेजी से बढ़ती बुजुर्ग आबादी और कम होते कार्यबल के कारण जापान में देखभाल सेवाओं पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।
ओईसीडी के महासचिव माथियास कॉर्मन ने कहा, “प्रवासन उच्च स्तर पर बना हुआ है और अब ओईसीडी देशों के कुल रोजगार में प्रवासियों की हिस्सेदारी 16 प्रतिशत है। बढ़ती उम्रदराज आबादी और धीमी उत्पादकता वृद्धि के दौर में देश प्रवासियों के कौशल को व्यर्थ करने का जोखिम नहीं उठा सकते।”
रिपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के प्रवासन में भी बदलाव पर प्रकाश डाला गया है। ओईसीडी देशों में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का आगमन 2024 के 19 लाख से घटकर 2025 में 16 लाख रह गया। यह गिरावट मुख्य रूप से अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे पारंपरिक अंग्रेजी भाषी देशों में नीतिगत सख्ती के कारण देखी गई। इसके विपरीत, जापान, दक्षिण कोरिया और कई यूरोपीय देशों में विदेशी छात्रों की संख्या बढ़ी है।
इस बीच, 2025 में जापान में पहली बार शरण के लिए किए गए आवेदनों में 15 प्रतिशत की गिरावट आई और यह संख्या लगभग 12,000 रही। आवेदकों में सर्वाधिक संख्या थाईलैंड, म्यांमार और भारत के नागरिकों की थी। वर्ष के दौरान निपटाए गए लगभग 21,000 शरण आवेदनों में से 6 प्रतिशत पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।
दूसरी ओर, अन्य ओईसीडी देशों में बसने वाले जापानी नागरिकों के में 2024 में 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह संख्या 23,000 तक पहुंच गई। इनमें से लगभग 19 प्रतिशत नागरिक जर्मनी, 16 प्रतिशत अमेरिका और 10 प्रतिशत न्यूजीलैंड गए।

