ऑनलाइन प्रोटीन सप्लीमेंट खरीदने के नाम पर जिम ट्रेनर से 15,800 रुपए की ठगी

इंदौर: सोशल मीडिया पर प्रोटीन सप्लीमेंट का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन खरीदारी करना एक जिम ट्रेनर को महंगा पड़ गया. भुगतान करने के बाद न तो उसे सप्लीमेंट मिला और न ही संबंधित व्यक्ति ने संपर्क किया. हालांकि, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने ठगी की पूरी राशि वापस करा दी.इंदौर निवासी जिम ट्रेनर मनोज (परिवर्तित नाम) ने सोशल मीडिया पर फिटनेस प्रोटीन सप्लीमेंट का विज्ञापन देखा था. इसके बाद उसने विज्ञापन में दिए गए संपर्क के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति से सप्लीमेंट खरीदने के संबंध में बात की. सप्लीमेंट भेजने के एवज में 15,800 रुपए की मांग की गई.

भुगतान के लिए संबंधित व्यक्ति ने बैंक खाते का क्यूआर कोड भेजा. मनोज ने क्यूआर कोड स्कैन कर बताए गए बैंक खाते में 15,800 रुपए ट्रांसफर कर दिए. राशि मिलने के बाद आरोपी ने न तो सप्लीमेंट भेजा और न ही फोन कॉल या मैसेज का जवाब दिया. ठगी का अहसास होने पर मनोज ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने संबंधित बैंक खाते की जानकारी जुटाकर उसमें जमा ठगी की राशि होल्ड कराई और खाते को फ्रीज कराया. इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित को 15,800 रुपए की पूरी राशि वापस दिला दी गई. डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी के दौरान अनजान व्यक्तियों के भेजे क्यूआर कोड पर भुगतान करने से पहले उनकी विश्वसनीयता की जांच करना जरूरी है. साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी की राशि को होल्ड कराकर वापस दिलाने में मदद मिल सकती है.

Next Post

विक्टोरिया सिटी में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर और 12 हजार रुपए चोरी

Fri Nov 13 , 2026
इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र की विक्टोरिया सिटी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया. बदमाश मुख्य गेट और कमरे का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात सहित नकदी चुरा ले गए.33 वर्षीय फरियादी सोबरन खरे अपने पैतृक गांव […]

You May Like