
शिवपुरी। जिले में गाय को बचाने के चक्कर में एक ट्रक खंभे में जा घुसा। टकराने की वजह से आग लग गई और इसमें भरी हुई कपास ने भी आग पकड़ ली। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने लपटों से घिरे इस ट्रक की आग बुझाई।यह घटना शिवपुरी के तेंदुआ थाना क्षेत्र के एनएच 27 पर स्थित सुजवाया तिराहा के पास की है। यहां सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित हो गया और बिजली के खंभे में जा घुसा। इसके बाद इसमें आग लग गई।
राजस्थान के विजयनगर से निकला यह ट्रक महाराष्ट्र के अमरावती जा रहा था। इसमें बड़ी मात्रा में कपास की गठानें भरी हुई थी। खंभे से टकराने के बाद इन गठानों ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों से घिर गया। इस दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।जैसे ही नेशनल हाईवे पर ट्रक में आग लगने की सूचना मिली। वैसे ही शिवपुरी से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
ट्रक में कपास भरी हुई थी ऐसे में आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार इस आग पर काबू पा लिया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद तेंदुआ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। अब पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक में आग किस वजह से लगी। यह बिजली के तारों के संपर्क में आया था या फिर ट्रक के केबिन में किस तरह की तकनीकी खराबी के कारण आग लगी है। अभी आग लगने की असली वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
