आप गुजरात के मुख्यमंत्री बनाये जा रहे हो, मिठाई खिलाओ!’ 25 साल पहले महिला पत्रकारों के ‘गैंग’ की बधाई को याद किया मोदी ने

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मीडिया कर्मियों के समक्ष 25 साल पहले की एक घटना को याद किया जब कई महिला पत्रकारों ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पर उनके कमरे में अचानक प्रवेश कर उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाये जाने की बधाई देनी शुरू कर दी थी।
श्री मोदी ने पार्टी मुख्यालय पर मीडियाकर्मियों के लिए आयोजित दीपावली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उस समय उन्हें गुजरात भेजे जाने की जानकारी पार्टी में शीर्ष के दो- चार लोगों को ही रही होगी पर मीडिया के लोगों ने वह जानकारी हासिल कर ली थी। प्रधानमंत्री ने इसे ‘मीडिया की ताकत’ बताया और कहा कि वह इस ताकत के बारे में सोचते रहते हैं।
श्री मोदी ने कहा, ”मैं यहां 11 अशोका रोड पर एक कमरे में रहता था। अचानक एक दिन सारे पत्रकारों की गैंग मेरे कमरे में घुस गई। उस समय एक महिला ब्रिगेड हुआ करती थी। उन्होंने मुझे कहा कि मिठाई खिलाओ! जब मैंने पूछा कि क्यों भाई? तो उन्होंने कहा कि आप गुजरात जा रहे हो, आप मुख्यमंत्री बनने जा रहे हो।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बात बहुत कम लोगों को मालूम थी, लेकिन उन लोगों को भी पता चल गयी थी। इस प्रसंग को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह यह सोच कर हैरान होते हैं कि मीडिया की वह कौन सी ताकत है जो उन्हें सूचना तक पहुंचा देती है। उन्होंने कहा, ” पिछले महीने मुझे सरकारों के मुखिया के तौर पर 25 साल हुए हैं। और मुझे बराबर याद है, पता नहीं आपकी कौन सी ताकत है, जो हमें यहां परेशान कर देती है। किसी को पता नहीं था (कि मुझे गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है), पार्टी में ऊपर के जो 2-4 लोग थे, बस उनको पता था।”
प्रधानमंत्री ने मीडिया के साथ अपने लम्बे ताल्लुकात का जिक्र करते हुए कहा कि मीडिया बदल गयी है, पुरानी पीढ़ी की जगह नयी पीढ़ी आ गयी है। ” जब लोग रिपोर्टर से एडिटर बनते हैं, तो मीडिया हाउस में आपकी भूमिका स्वाभाविक रूप से बदल जाती है। सरकार में आने के बाद मेरे दायित्व में भी ऐसा ही बदलाव आ गया। यहां नई पीढ़ी के बहुत साथी हैं।”
उन्होंने कहा, ”लेकिन जो पुराने लोग हैं, वो जानते हैं कि मेरा लंबे समय से आप सब की दुनिया के साथ एक सहज संबंध रहा है। प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टा रील तक मैंने मीडिया का, मीडिया संवाद का एक लंबा दौर देखा है।”

.....

Next Post

चंबल में सीएम के लगातार दौरे, चुनावी मोड में आने लगी भाजपा 

Thu Nov 12 , 2026
ग्वालियर चंबल डायरी      हरीश दुबे  ************************ प्रदेश में सरकार भले ही भाजपा की रही हो अथवा कांग्रेस की, सत्ताधीश ग्वालियर चंबल को अहमियत देते रहे हैं। अतीत बताता है कि ग्वालियर चंबल सरकारें बनाता है तो बिगाड़ भी देता है। डीपी मिश्रा से लेकर कमलनाथ तक की सरकारें […]

You May Like