सतना। चार दिनों के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को कृषि उपज मंडी में रौनक लौट आई। मंडी खुलने के साथ ही उपज बेचने पहुंचे किसानों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। विशेषकर गेहूं बेचने आए किसानों में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखा गया, क्योंकि मंडी में इस सीजन गेहूं की बोली ने रिकॉर्ड बनाया है।
मंडी में हुई नीलामी के दौरान गेहूं उच्चतम स्तर पर 2971 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बिका, जो अब तक का सबसे अधिक रेट माना जा रहा है। वहीं, गेहूं का मॉडल रेट 2645 रुपये प्रति क्विंटल और न्यूनतम रेट 2550 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। चार दिनों तक मंडी बंद रहने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही थी कि मंडी में फसलों की बंपर आवक होगी, लेकिन इसके उलट पहले दिन आवक अपेक्षाकृत कम ही देखने को मिली। हालांकि, गेहूं के बेहतरीन और ऐतिहासिक दाम मिलने से किसान काफी संतुष्ट और प्रसन्न नजर आए।
मजदूरों ने की औजारों की पूजा
मंडी में भाई दूज का पर्व परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडी में काम करने वाले मजदूरों ने शुभ मुहूर्त में अपने काम में उपयोग किए जाने वाले औजारों और उपकरणों की पूजा-अर्चना की। मजदूरों ने तौलने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, सूपा सहित अन्य सामग्रियों को एक स्थान पर रखकर विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान सभी ने अपने कामकाज में सुख-समृद्धि और बरकत की कामना की। मजदूरों के लिए यह परंपरा उनके काम और आजीविका के प्रति सम्मान एवं आस्था का प्रतीक रही।
जितेंद्र गर्ग ने बताया कि चार दिन बाद मंडी खुलने पर गेहूं के अच्छे भाव मिलने से किसानों को काफी राहत मिली है। गेहूं का 2971 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिलना खुशी की बात है। यह कीमत हमारी उपज के लिए उचित है। इस सीजन में गेहूं के बेहतर दाम मिलने से किसानों को उनकी मेहनत का अच्छा मूल्य मिल रहा है।
रज्जन यादव ने बताया कि भाई दूज के अवसर पर हर साल परंपरा के अनुसार अपने काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों और उपकरणों की पूजा-अर्चना करते हैं। तौलने के उपकरण, सूपा सहित अन्य सामग्रियों का पूजन कर भगवान से काम में बरकत, परिवार की सुख-समृद्धि और पूरे साल अच्छी आजीविका की कामना करते हैं। हमारे लिए ये औजार ही रोजगार का साधन हैं, इसलिए इनकी पूजा करना हमारी पुरानी परंपरा है।
