एनवीडिया के ग्राहक ‘मेगास्पीड’ को ब्लैकलिस्ट न करने पर अमेरिकी वित्त मंत्री और वाणिज्य मंत्री में बहस

वाशिंगटन, (वार्ता) अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक के बीच एनवीडिया के प्रमुख ग्राहक ‘मेगास्पीड’ को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जोखिम वाली कंपनियों की सूची में शामिल न किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताए जाने को लेकर तीखी बहस हो गई।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह तकरार अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद ह्वाइट हाउस के सिचुएशन रूम में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान हुई।

बैठक के दौरान वित्त मंत्री बेसेंट ने सीधे तौर पर सवाल उठाया कि संवेदनशील अमेरिकी तकनीकों तक पहुंच को प्रतिबंधित करने वाली वाणिज्य मंत्रालय की जोखिम वाली लिस्ट में मेगास्पीड का नाम अब तक क्यों नहीं जोड़ा गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस अप्रत्याशित सवाल पर वाणिज्य मंत्री लुटनिक असहज नजर आए और उन्होंने मामले की जांच करने की बात कही।

रिपोर्ट में बताया गया है कि श्री लुटनिक पिछले एक साल से मेगास्पीड के खिलाफ कार्रवाई के प्रयासों को टाल रहे थे, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि इससे चीन से व्यापारिक तनाव बढ़ सकता है।

मेगास्पीड पर अमेरिकी निर्मित उन्नत चिप्स को अवैध रूप से चीन भेजने के आरोप हैं। इस संबंध में ह्वाइट हाउस और खुफिया अधिकारियों द्वारा वर्ष 2025 की दूसरी छमाही से ही वाणिज्य मंत्रालय और वाणिज्य उपमंत्री जेफ केसलर को लगातार आगाह किया जा रहा था।

यह पूरा विवाद ट्रंप प्रशासन के खुफिया चेतावनियों से निपटने के तरीके पर केंद्रित हो गया है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो की देखरेख में तैयार एक अत्यंत गोपनीय ज्ञापन में एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग और मेगास्पीड की कर्मचारी ऐलिस हुआंग के संबंधों का जिक्र था।

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि ऐलिस हुआंग के संबंध चीनी खुफिया तंत्र से हो सकते हैं। मई में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा से पहले यह ज्ञापन सर्कुलेट किया गया था। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि उन्हें ऐसा कोई ज्ञापन ध्यान में नहीं है।

इस विवाद और मीडिया रिपोर्टों के बाद एनवीडिया के बाजार मूल्य में लगभग एक ट्रिलियन डॉलर की भारी गिरावट आई है। एनवीडिया के बोर्ड ने इस मामले में एक स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है, हालांकि बोर्ड का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी से कोई समझौता नहीं हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी संसद के दोनों दलों के सांसदों ने जांच की मांग की है, और एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग के अगले सप्ताह सांसदों के समक्ष बंद कमरे में गवाही देने की संभावना है।

Next Post

कोलकाता में काली पूजा के बाद हुड़दंग के आरोप में 109 गिरफ्तार, 13.1 किग्रा प्रतिबंधित पटाखे जब्त

Thu Nov 12 , 2026
कोलकाता, (वार्ता) कोलकाता पुलिस ने 10 नवंबर को काली पूजा के बाद निगरानी अभियान के दौरान हुड़दंग और अव्यवस्था फैलाने के आरोप में 109 लोगों को गिरफ्तार किया तथा 13.1 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए। पटाखे फोड़ने के मामले में हालांकि विशेष रूप से कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। इस दौरान […]

You May Like