कोलकाता, (वार्ता) कोलकाता पुलिस ने 10 नवंबर को काली पूजा के बाद निगरानी अभियान के दौरान हुड़दंग और अव्यवस्था फैलाने के आरोप में 109 लोगों को गिरफ्तार किया तथा 13.1 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए। पटाखे फोड़ने के मामले में हालांकि विशेष रूप से कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर 363 मामले दर्ज किए। इनमें बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वाले 168 चालकों और बिना हेलमेट पीछे बैठने वाले 47 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई शामिल है। इसके अलावा, लापरवाही से वाहन चलाने के लिए 32 और शराब पीकर गाड़ी चलाने के लिए 28 मामले दर्ज किए गए, जबकि अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए 88 मामले दर्ज किए गए। पुलिस काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़ा पहरा रख रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले काली पूजा की रात कोलकाता पुलिस ने प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने और सार्वजनिक अव्यवस्था फैलाने के आरोप में 592 लोगों को गिरफ्तार किया था और 238 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उस रात तेज आवाज वाले प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने पर 205 लोगों को और हुड़दंग मचाने पर 387 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान 238.5 किलोग्राम पटाखे और छह लीटर अवैध शराब जब्त की गई थी।
