स्वच्छ शहर जोड़ी’ श्रेणी में अहमदाबाद-साणंद की जोड़ी पहले और इंदौर-देपालपुर दूसरे स्थान पर रही

नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 समारोह में देश के स्वच्छ शहरों को सम्मानित किया जिसमें ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ श्रेणी में अहमदाबाद-साणंद पहला स्थान, इंदौर-देपालपुर दूसरा और तिरुपति-कुप्पम तीसरा स्थान हासिल किये।

सुपर स्वच्छ लीग में नवी मुंबई, सूरत और विजयवाड़ा शीर्ष तीन स्वच्छ शहर घोषित किये गये। दसवें स्वच्छ सर्वेक्षण में पहली बार स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन, स्वच्छ कोस्टल टाउन और क्लीन हिमालयन सिटी जैसी नयी श्रेणियों में भी पुरस्कार दिये गये। मिलियन प्लस आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ग्रेटर विशाखापत्तनम नगर निगम, जबलपुर और लखनऊ ने देश के शीर्ष तीन स्वच्छ शहरों का स्थान हासिल किया। वहीं, स्वच्छ हिमालयन सिटी श्रेणी में उत्तराखंड के रुद्रपुर, जम्मू और शोपियां को सम्मानित किया गया। स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में मध्य प्रदेश के रीवा, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और उत्तर प्रदेश के वाराणसी ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्वच्छ कोस्टल टाउन श्रेणी में ओडिशा के पुरी, केरल के अलप्पुझा और महाराष्ट्र के रत्नागिरी को शीर्ष स्थान मिले।

राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 30 शहरों को स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस वर्ष सर्वेक्षण में 350 से अधिक शहरी निकायों ने अपनी रैंकिंग में 500 से ज्यादा स्थानों का सुधार किया, जबकि 50 हजार से कम आबादी वाले 1,700 से अधिक शहरों की रैंकिंग में भी पिछले वर्ष के मुकाबले सुधार दर्ज किया गया।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन एक राष्ट्रीय जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में शहरी कचरे का प्रसंस्करण केवल 16 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 80 प्रतिशत हो गया है। इसी तरह घर-घर कचरा संग्रहण का दायरा 44 प्रतिशत से बढ़कर 96 प्रतिशत से अधिक हो गया है। पुराने कचरा स्थलों के निस्तारण से करीब 11 हजार एकड़ शहरी भूमि भी उपयोग के लिए मुक्त हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में 73 शहरों से शुरू हुआ स्वच्छ सर्वेक्षण अब बढ़कर 4,751 शहरों तक पहुंच गया है और इस वर्ष 2.70 करोड़ नागरिकों ने सर्वेक्षण में अपनी प्रतिक्रिया दी। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 में करीब 2.10 करोड़ नागरिकों ने भाग लिया, जबकि 33 हजार से अधिक विशेष शिविरों के माध्यम से लगभग 17 लाख सफाई मित्रों को लाभ पहुंचाया गया।

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए नागरिकों, नगर निकायों और सफाई कर्मचारियों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों के फीडबैक, व्यवहार में बदलाव और प्रशासनिक जवाबदेही को स्वच्छता अभियान की सफलता का आधार बताया। उन्होंने ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहर दूसरे शहरों को अपने अनुभव और तकनीक साझा कर आगे बढ़ने में मदद कर रहे हैं।

 

 

Next Post

द्वितीय चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय मैराथन 22 नवंबर को

Wed Nov 11 , 2026
चंडीगढ़, 11 नवंबर (वार्ता) चंडीगढ़ में 22 नवंबर को द्वितीय अंतरराष्ट्रीय मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में देश-विदेश के 7000 से अधिक धावकों के शामिल होने की संभावना है। मैराथन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव हिरिअडका राजेश प्रसाद ने बुधवार को यूटी सचिवालय में विभिन्न विभागों के […]

You May Like