जमानत मिलने के बाद फिर लग गया था अवैध शराब तस्करी के धंधे में आरोपी केरम सिंह

खातेगांव। टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच कर रही एसआईटी टीम द्वारा तीनों आरोपी राहुल जायसवाल, विजय राव, केरमसिंह चंगोड की रिमांड अवधि को न्यायालय से बढ़वाकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों को अलग-अलग थाने पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

एसआईटी की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी केरमसिंह पूर्व में भी अवैध शराब तस्करी के मामले में आरोपी रहा है और उसे गुना पुलिस के द्वारा पिछले वर्ष फरवरी में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद वह जमानत पर बाहर आया और फिर उसने शराब तस्करी का धंधा शुरू कर दिया।

टिमरनी शराब दुकान के ठेके करोड़ों में, घाटा पूरा करने के लिए शुरू की तस्करी-

आरोपी विजय राव ने ही केरम सिंह को मनीष जायसवाल, मोहिन जायसवाल, राहुल जायसवाल से मिलवाया था। केरमसिंह ने पूरी जिम्मेदारी संभाल रखी थी कि वह शराब को अलीराजपुर होते हुए ड्राय स्टेट गुजरात खपाएगा। ज्ञात हो कि केरमसिंह अलीराजपुर जिले का ही रहने वाला है, इसलिए उसकी तगड़ी साठगांठ होने की संभावना जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार टिमरनी शराब के ठेके करोड़ों में लिए गए थे। लाइसेंसी पाटेंद्र के साथ साथ जिन तीन ठेकेदारों का 30-30 प्रतिशत रुपया लगा था उसकी पूर्ति नहीं हो पाने के कारण ही अवैध शराब तस्करी का पूरा नेटवर्क जमाया गया था।

आरोपी मोहिन जायसवाल का नाम सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली। पुलिस के गिरफ्तार करने के पहले ही मोहिन की ब्रेन स्ट्रोक से मौत हो गई। एसआईटी की जांच में खुलासा हुआ कि मोहिन तीन बैंक खातों का संचालन करता था। वह गुजरात में रहकर लाइसेंसी पाटेंद्र के खातों में राशि ट्रांसफर करता था। लाइसेंसी पाटेंद्र उस राशि को लाइसेंस की फीस और आबकारी से ली जाने वाली शराब की राशि जमा करता था। अब एसआईटी की टीम लाइसेंसी पाटेंद्र के बड़वानी स्थित आवास सहित अन्य जगह दबिश दे रही है।

Next Post

लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत प्री-क्वार्टर फाइनल में

Wed Nov 11 , 2026
कुमामोटो,11 नवंबर (वार्ता) बुधवार को कुमामोटो मास्टर्स जापान 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में, भारत के लक्ष्य सेन और पूर्व विश्व नंबर 1 किदांबी श्रीकांत ने कड़े मुकाबले वाले शुरुआती दौर के मैचों में जीत दर्ज कर पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन ने कुमामोटो […]

You May Like