नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) फारस की खाड़ी में अल रुवाइस से दुबई जा रहे लाइबेरियाई ध्वज वाले एक विशाल कच्चे तेल के टैंकर पर प्रक्षेपास्त्र से हुए हमले में एक भारतीय नाविक समेत चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को यह जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि 10 नवंबर को यात्रा के दौरान एमटी फुजैराह एनर्जी नामक पोत को निशाना बनाया गया। घटना के समय इस जहाज पर छह भारतीय नाविक सवार थे।
मंत्री ने बताया कि घायल भारतीय नाविक को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें आगे की चिकित्सा जांच और इलाज के लिए सुरक्षित रूप से अस्पताल ले जाया गया है। जहाज पर सवार चालक दल के शेष 18 सदस्य, जिनमें अन्य पांच भारतीय नाविक भी शामिल हैं, पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
श्री सोनोवाल ने कहा, “हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अपने नाविकों की सुरक्षा, चिकित्सा देखभाल और भलाई सुनिश्चित करने के लिए पोत प्रबंधन कंपनी के साथ निरंतर संपर्क में हैं।”
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में 15 नाविकों सहित कुल 23 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इसके अतिरिक्त काला सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों में पांच अन्य भारतीय नागरिकों की जान चली गई थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पश्चिम एशिया संघर्ष में मारे गए भारतीयों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है, जिनमें 15 नाविक शामिल हैं।
