फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में महिला कर्मचारी बर्खास्त

भिण्ड। जिले में फर्जी शस्त्र लाइसेंस से जुड़े प्रकरण में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी भिण्ड पवन जैन ने विभागीय जांच में सिद्ध आरोप के आधार पर निलंबित सहायक ग्रेड-3 (आर्म्स शाखा) श्रीमती मधु बाला को सेवा से पृथक करने का दंड अधिरोपित किया है। कार्रवाई से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता के हित और शासन की पारदर्शिता के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

*जांच में खुली अनियमितता*

9 जनवरी 2026 को तीन लाख रुपये में फर्जी हथियार लाइसेंस से जुड़ी खबर संज्ञान में आने के बाद एनडीएएल एएलआईएस पोर्टल पर दर्ज एवं विलोपित शस्त्र लाइसेंसों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया गया था। जांच में छह लाइसेंसधारियों के नाम पर मधु बाला के यूजर आईडी से नई प्रविष्टियां दर्ज और बाद में निरस्त करने का खुलासा हुआ।

जांच दल ने पोर्टल की सुरक्षा व्यवस्था का भी परीक्षण किया। पोर्टल में यूजर प्रमाणीकरण, अनिवार्य पासवर्ड परिवर्तन, लॉगिन विवरण और प्रत्येक प्रविष्टि को उपयोगकर्ता से जोड़ने की व्यवस्था मौजूद पाई गई, जिससे कार्रवाई की डिजिटल जिम्मेदारी तय होती है।

*नियमों का पालन सुनिश्चित*

कारण बताओ सूचना पत्र जारी होने के बाद सहायक ग्रेड-3 (आर्म्स शाखा) श्रीमती मधु बाला द्वारा दिया गया जवाब समाधानकारी नहीं पाया गया। इसके बाद विभागीय जांच की गई थी। जांच अधिकारी के प्रतिवेदन, दस्तावेजी साक्ष्य और अपचारी कर्मचारी के लिखित पक्ष के परीक्षण के बाद आरोप क्रमांक एक सिद्ध पाया गया। सुनवाई का पर्याप्त अवसर देने के बाद ही निर्णय लिया गया।

कलेक्टर जैन ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10 के अंतर्गत कार्रवाई की है। यदि कर्मचारी का कोई वेतन या भत्ता देय है, तो उसे शासन हित में सोख्त किया जाएगा। साथ ही संबंधित कर्मचारी को नियमानुसार अपील का अधिकार भी दिया गया है।

*ईमानदारी से कार्य करने की चेतावनी*

प्रकरण में थाना देहात भिण्ड में प्राथमिकी दर्ज की गई है और अभियोजन की अनुमति भी प्रदान की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक न्यायालय का निर्णय अलग से विचारणीय होगा, लेकिन विभागीय जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा किया गया।

कलेक्टर पवन जैन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी से कार्य करने की सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि घोर लापरवाही, पद के दुरुपयोग या आपराधिक कृत्य पाए जाने पर सेवा से पृथक करने जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

अवैध शराब के ठिकानों पर आबकारी-पुलिस का छापा, 4.68 लाख से अधिक की सामग्री जब्त

Wed Nov 11 , 2026
देवास। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त मोर्चा खोल दिया। बुधवार को कई क्षेत्रों में एक साथ सर्चिंग कर अवैध शराब बनाने और संग्रहित करने के ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में शराब और […]

You May Like