दिल्ली में यमुना पर पहली बार शुरू हुई ‘नमो यमुना रिवर सफारी’, छह किमी क्रूज यात्रा का किराया 500 रुपये

नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को यहां यमुना नदी पर पहली मनोरंजक ईवी क्रूज सेवा ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का शुभारंभ किया जिसके तहत सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब छह किलोमीटर की यात्रा में पर्यटक क्रूज के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे।

राष्ट्रीय राजधानी के सोनिया विहार में आयोजित उद्घाटन समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार में बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, वन एवं पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद मनोज तिवारी सहित केंद्र और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। श्री सोनोवाल ने श्रीमती गुप्ता और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में 30 यात्रियों की क्षमता वाले इलेक्ट्रिक क्रूज का उद्घाटन किया और इसके बाद क्रूज की सवारी भी की।

श्री सोनोवाल ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंतर्देशीय जलमार्ग आर्थिक विकास, पर्यटन और टिकाऊ संपर्क के महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहे हैं। यमुना पर दिल्ली की पहली मनोरंजक क्रूज सेवा की शुरुआत नदी के साथ लोगों का जुड़ाव बढ़ाने और उसकी पर्यटन क्षमता का उपयोग करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से दिल्ली में नदी पर्यटन को नयी गति मिलेगी और जलमार्गों को पर्यटन, व्यापार तथा रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस परियोजना को साकार करने में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री और दिल्ली सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि पहले नदी क्रूज के लिए यूरोप और समुद्री क्रूज के लिए मियामी का उदाहरण दिया जाता था तथा यह धारणा थी कि भारत में ऐसी परियोजनाएं संभव नहीं हैं लेकिन गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी विशाल नदियों की मौजूदगी के बावजूद देश ने अंतर्देशीय जलमार्गों के विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत ने दुनिया का सबसे लंबा नदी क्रूज ‘एमवी गंगा विलास’ संचालित कर वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित की है। इस क्रूज ने भारत और बंगलादेश में 3,200 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के दौरान 27 नदी प्रणालियों को पार किया और 50 पर्यटन स्थलों को जोड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ केवल क्रूज या नौका यात्रा नहीं बल्कि मां यमुना के प्रति लोगों की आस्था, प्रेम और श्रद्धा का प्रतीक है। इससे दिल्लीवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों को नदी को करीब से देखने तथा उसके सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को समझने का नया अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना रिवर फ्रंट को बेहतर सुविधाओं और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के साथ आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

परियोजना के तहत करीब छह किलोमीटर की राउंड ट्रिप के लिए 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज उपलब्ध कराया गया है। क्रूज यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये किराया निर्धारित किया गया है जबकि परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये अलग से देने होंगे। इसे व्यापक इको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां यमुना के इतिहास और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाने वाला संगीतयुक्त फव्वारा तथा लाइट एंड साउंड शो प्रमुख आकर्षण होंगे। इसमें सूर्य देव, यमराज और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं विशेषकर कालिया दमन की कथा को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा फूड कोर्ट, खरीदारी क्षेत्र, बच्चों के खेलने की जगह, स्केटिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। पर्यटकों की सुविधा के लिए फ्लोटिंग जेटी, टिकट काउंटर, ऑनलाइन बुकिंग, प्रतीक्षालय, शौचालय और रोशनी से सुसज्जित पहुंच मार्ग भी बनाये गये हैं।

यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम 2016 के तहत राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। इस क्रूज सेवा को अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के तहत दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली जल बोर्ड तथा दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से विकसित किया है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश के राष्ट्रीय जलमार्गों पर माल ढुलाई 2013-14 में 1.8 करोड़ टन से बढ़कर 2025-26 में 21.8 करोड़ टन हो गयी है। जलमार्ग से माल परिवहन की अनुमानित लागत 1.06 रुपये प्रति टन किलोमीटर है जबकि रेल से यह 1.41 रुपये और सड़क से 2.28 रुपये है। इसी अवधि में रातभर की यात्रा कराने वाले नदी क्रूज पोतों की संख्या भी पांच से बढ़कर 26 हो गयी है।

 

 

Next Post

बिना अनुमति मुख्यालय छोडऩे वाले सीएमओ पर कलेक्टर सख्त

Tue Nov 10 , 2026
छिंदवाड़ा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के लिए कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर ने प्रशासनिक लापरवाही बरतने वाले और बिना पूवज़् अनुमति के मुख्यालय से नदारद रहने […]

You May Like