वाशिंगटन, 10 नवंबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध को ‘व्यावहारिक रूप से समाप्त’ घोषित करते हुए कहा है कि अमेरिका फिलहाल सैन्य हमले की धमकी पर अमल नहीं करेगा। मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद उन्होंने यह घोषणा की। श्री ट्रंप ने पेंटागन की ओर से सैन्य अभियान तेज किए जाने की आशंकाओं को कम करते हुए कहा कि अमेरिकी सेना ‘अब तक के सबसे बेहतरीन हथियारों और उपकरणों के साथ पूरी तरह तैयार है’, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि इनके इस्तेमाल की कोई जरूरत पड़ेगी।
इंडिपेंडेंट ने एक रिपोर्ट में बताया कि व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री ट्रंप ने कहा कि वह उन देशों के अनुरोध पर सैन्य कार्रवाई रोक रहे हैं, जो ईरान के पड़ोसी हैं। उन्होंने बताया कि कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत और अन्य देशों ने अमेरिका से नए हमले नहीं करने का आग्रह किया है।
श्री ट्रंप ने ईरान पर आर्थिक दबाव बनाए रखने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखने की बात कही है।
श्री ट्रंप की यह टिप्पणी कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी के साथ मुलाकात के बाद आई है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किए जाने के बाद से अल थानी ने वाशिंगटन और तेहरान के बीच महत्वपूर्ण मध्यस्थ की भूमिका निभाई है।
दोनों पक्षों के बीच हमले जारी हैं, हालांकि उनकी तीव्रता पहले जैसी नहीं है। ईरान के सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिका ने रात में एक बार फिर ईरान के केशम द्वीप पर हमला किया। वहीं, ईरान ने इस महीने की शुरुआत में खाड़ी क्षेत्र और होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों को निशाना बनाया था।
यमन में ईरान के सहयोगी हूती विद्रोहियों ने भी हाल के महीनों में सऊदी अरब पर अपने हमले तेज किए हैं। श्री ट्रंप ईरान की ओर से पहले से रखे गए युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हुए हैं। इस प्रस्ताव में अमेरिका से अपने बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने, कुछ प्रतिबंध हटाने और बमबारी रोकने की मांग की गई है। इसके बदले तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य को सैन्य गतिविधियों से मुक्त करने पर सहमत होने की बात कह रहा है। इसके बाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम और अन्य प्रतिबंधों पर बातचीत का प्रस्ताव है।
ईरान युद्ध की अलोकप्रियता और पेट्रोल की कीमतों सहित अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव ने डेमोक्रेटिक पार्टी की चुनावी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रिपब्लिकन पार्टी की ऐतिहासिक हार के लिए सीधे तौर पर युद्ध को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने स्वीकार किया कि इस संघर्ष के कारण अमेरिकियों के लिए जीवनयापन की लागत बढ़ गई है।
हालांकि, अल थानी ने श्री ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ हुई बातचीत को ‘सकारात्मक’ बताया, लेकिन अमेरिका और खाड़ी देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने जल्द किसी समझौते की संभावना पर संदेह जताया है।
यह बैठक ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसेन रजाई के उस बयान के बाद हुई, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अमेरिका से ‘काल्पनिक वार्ताओं को लेकर फर्जी खबरें बनाना बंद करने’ को कहा था। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि अमेरिका ईरान की ओर से बार-बार रखी गई सात शर्तों को स्वीकार करते हुए आत्मसमर्पण करे।
अमेरिका ने ईरान के इस प्रस्ताव को बार-बार खारिज किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे ‘अपमानजनक, हास्यास्पद और वास्तविकता से परे’ बताया था। दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को इस प्रस्ताव का बचाव करते हुए इसे बातचीत की मेज पर उपलब्ध सबसे उचित प्रस्ताव बताया।

