इस्तांबुल/इजमिर, 10 नवंबर (वार्ता) पश्चिमी तुर्की के बंदरगाह शहर इजमिर के पास एक लौह एवं इस्पात कारखाने में विस्फोट होने से कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।अधिकारियों ने बताया कि मृतक और घायल सभी अलीआगा स्थित हाबास डेमिर सेलिक कारखाने के कर्मचारी थे। यह देश के प्रमुख इस्पात उत्पादकों में से एक है। घटनास्थल के वीडियो में कारखाने के अंदर भीषण आग और आसमान में धुएं का ऊंचा गुबार उठता दिखाई दिया।
स्थानीय गवर्नर ने बताया कि दोपहर के आसपास एक क्रेन के गिरने से विस्फोट हुआ। क्रेन एक बदले जाने वाले बॉयलर को लेकर जा रही थी। उसके गिरने से सामग्री नीचे स्थित भट्ठी में जा गिरी। तुर्की में कार्यस्थल पर दुर्घटनाएं लगातार गंभीर समस्या बनी हुई हैं। स्वतंत्र नागरिक संगठन तुर्की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा श्रम निगरानी संस्था ने यह बात कही।
राष्ट्रपति रेसेप तैयप अर्दोआन ने शुरुआत में मृतकों की संख्या 16 बताई थी, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री कमाल मेमिसोग्लू ने बाद में बताया कि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट से जमीन हिल गई थी। शुरुआत में लगा कि भूकंप आया है।
कारखाने का संचालन करने वाली कंपनी ने अपने बयान में कहा कि दुर्घटना संयंत्र की एक विद्युत चाप भट्ठी में निर्धारित रखरखाव कार्य के दौरान हुई। इजमिर के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने मीडिया को बताया कि कुछ लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। श्री अर्दोआन ने सोमवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मृतकों की पुष्टि की और कहा कि मामले की जांच जारी है और राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस मामले में कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हाबास कारखाना इजमिर जिले के अलीआगा में स्थित है। यह एक प्रमुख बंदरगाह और तुर्की के जहाज तोड़ने के मुख्य केंद्रों में से एक है।

