
नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को कहा कि साइबर अपराध तेजी से फैल रहे हैं और पहले से अधिक गंभीर होते जा रहे हैं इसे देखते हुए पुलिस अधिकारियों को इन अपराधों से निपटने के लिए अपनी कार्यशैली और दृष्टिकोण में बदलाव करना होगा। सुश्री मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 78वें आरआर (2025 बैच) के प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिस को समाज में साइबर अपराधों के खतरों के प्रति अधिक जागरूकता फैलानी चाहिए और डीपफेक जैसी नयी चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने वाले अपराधियों से हमेशा आगे रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोगों के लिए पुलिस अधिकारी और कांस्टेबल शासन-व्यवस्था के प्रतीक होते हैं। जब पुलिस व्यवस्था अच्छी तरह काम करती है, तो लोगों को शासन भी बेहतर महसूस होता है। पुलिस अधिकारी जब संवेदनशीलता और ध्यान से लोगों की शिकायतें सुनते हैं, तो उन्हें काफी सहारा मिलता है। राष्ट्रपति ने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि उन्हें समाज के कमजोर और आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों की परेशानियों को प्राथमिकता देनी चाहिए। ऐसे लोगों की वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच अक्सर सीमित होती है। इसलिए उनकी शिकायतों को सुनना और उनके डर को दूर करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में कई बार कनिष्ठ कर्मचारी तकनीक के इस्तेमाल में वरिष्ठ अधिकारियों से अधिक कुशल हो सकते हैं। ऐसे में अधिकारियों को अपनी टीम के सबसे कनिष्ठ सदस्यों से भी सीखने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कामकाज में जनता की भागीदारी और टीमवर्क को बढ़ावा देने के साथ टीम के सदस्यों के कल्याण को प्राथमिकता देने की सलाह दी। राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को कानून और नियमों से अधिकार मिलते हैं, लेकिन जनता के बीच वास्तविक सम्मान उनके काम और मूल्यों से बनता है। अधिकारियों में नागरिकों की सेवा करने की भावना होनी चाहिए, न कि उन पर अपना दबदबा दिखाने की।
उन्होंने कहा कि लोगों में डर फैलाने के लिए गलत सूचनाएं फैलाना एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। खासकर युवा ऐसी सुनियोजित भ्रामक सूचनाओं से प्रभावित हो सकते हैं। इस तरह की गतिविधियां स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर हो सकती हैं। समझदारी से की गई पुलिसिंग ऐसी स्थितियों को गंभीर और बड़ी समस्या बनने से रोक सकती है।
