इंदौर:घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर साइबर ठगों ने शिक्षा विभाग के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को निशाना बनाकर उनके खाते से 2 लाख रुपए निकाल लिए. हालांकि, क्राइम ब्रांच की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे से भी कम समय में पूरी राशि वापस करा दी. ठगों ने इस रकम से अमेजन के जरिए पश्चिम बंगाल में सामान मंगवाया था, जिसे डिलीवरी से पहले ही रुकवा दिया.
क्राइम ब्रांच में दर्ज शिकायत के अनुसार, 76 वर्षीय प्रमोद (परिवर्तित नाम) इंदौर में रहते हैं और शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं. उन्होंने फेसबुक पर घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवाने का विज्ञापन देखा था. विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें लिंक भेजी और बैंक संबंधी जानकारी भरने को कहा. बुजुर्ग ने लिंक खोलकर जानकारी दर्ज कर दी. कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 2 लाख रुपए निकल गए. ठगी का पता चलते ही उन्होंने साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही क्राइम ब्रांच की फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई शुरू की.
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम से अमेजन इंडिया के जरिए पश्चिम बंगाल में सामान खरीदा गया था. टीम ने संबंधित कंपनी से संपर्क कर डिलीवरी से पहले ही ऑर्डर निरस्त कराया और पूरी 2 लाख रुपए की राशि वापस करा दी. डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि साइबर ठगी की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में टीम ने समय रहते ऑनलाइन खरीदे गए सामान की डिलीवरी रुकवाकर पीड़ित की पूरी राशि वापस कराई है. आमजन को अनजान लिंक पर क्लिक करने और बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए.
