विजयपुर/श्योपुर: विजयपुर तहसील के ग्राम बैंनीपुरा स्थित बारधा डैम के पास देर रात पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुआरियों को खदेड़ा और मौके से कई वाहनों को जब्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुआ खेलने वाले लोग अपनी गाड़ियों को गांव बैंनीपुरा के अंदर खड़ा करते थे और इसके बाद गांव से दूर बारधा डैम के आसपास सुनसान स्थान पर जुआ खेलते थे।ग्रामीणों का यह भी दावा है कि यहां जुआ खेलने के लिए आने वाले अधिकांश लोग बाहर के गांवों और क्षेत्रों से आते थे।
ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहन भी बाहर के बताए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर दूसरे क्षेत्रों से आने वाले लोग यहां लंबे समय से जुए का खेल कैसे संचालित कर रहे थे? क्या इस पूरे मामले में किसी प्रभावशाली व्यक्ति या बड़े नेता का संरक्षण तो नहीं है? हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी के संरक्षण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस की कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जुए के इस कथित नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं और क्या पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर अन्य आरोपियों तक भी पहुंचेगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में जुए जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
