हाईकोर्ट में प्रशासनिक फेरबदल, सात न्यायिक अधिकारियों के तबादले

जबलपुर। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। मुख्य न्यायाधीश के आदेश पर सात न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं। इसमें जबलपुर स्थित मुख्यपीठ के अलावा इंदौर और ग्वालियर खंडपीठ तथा विभिन्न जिला न्यायालयों के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर बदलाव किया गया है।जारी आदेश के अनुसार सागर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अखिलेश कुमार मिश्रा को उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ में प्रधान रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। इंदौर खंडपीठ के वर्तमान प्रधान रजिस्ट्रार अनूप कुमार त्रिपाठी को रतलाम कुटुंब न्यायालय का प्रधान न्यायाधीश बनाया गया है।

वहीं सीहोर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश वैभव मंडलोई को जबलपुर स्थित मुख्य पीठ में प्रधान रजिस्ट्रार (आइएलआर एवं परीक्षा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह अजय सिंह ठाकुर को पदस्थ किया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रधान जिला न्यायाधीश (निरीक्षण) इंदौर जोन राजीव कुमार आयाची को जबलपुर मुख्य पीठ में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह ग्वालियर खंडपीठ के प्रधान रजिस्ट्रार राजीव के पाल को इंदौर जोन में प्रधान जिला न्यायाधीश (निरीक्षण) की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह प्रधान रजिस्ट्रार (सतर्कता) राजेन्द्र कुमार शर्मा (सीनियर) को जबलपुर जोन का प्रधान जिला न्यायाधीश (निरीक्षण) बनाया गया है] जबकि इस पद पर कार्यरत अजय प्रकाश मिश्र को प्रधान रजिस्ट्रार (सतर्कता) नियुक्त किया गया है। रतलाम कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रामजी गुप्ता को ग्वालियर खंडपीठ का प्रधान रजिस्ट्रार बनाया गया है। इसके अतिरिक्त अनूपपुर में नियमित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यभार ग्रहण करने तक प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश आशुतोष अग्रवाल को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा प्रभारी सत्र न्यायाधीश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं अनूप कुमार त्रिपाठी और अजय सिंह ठाकुर को क्रमश: रतलाम और सीहोर में पदस्थ करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

Next Post

चरयाई बाजार में किराना दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान खाक

Tue Nov 10 , 2026
दमोह।सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चरयाई बाजार में स्थित गिरनार ट्रेडर्स किराना दुकान में सोमवार देर शाम अचानक शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया, जिससे दुकान में रखे तेल के जार, नारियल, शक्कर, घी के अलावा अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई।आग इतनी […]

You May Like