दमोह।सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चरयाई बाजार में स्थित गिरनार ट्रेडर्स किराना दुकान में सोमवार देर शाम अचानक शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया, जिससे दुकान में रखे तेल के जार, नारियल, शक्कर, घी के अलावा अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई।आग इतनी भयानक थी कि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही अलग-अलग जगह से तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सामान पूरी तरह से जलकर खाक हो गया था।किराना दुकान व्यवसायी जय कुमार जैन ने बताया कि अचानक शॉर्ट-सर्किट से दुकान और गोदाम में आग लगी है, जिससे लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।मौके पर सीएसपी एचआर पांडे, टीआई कोतवाली मनीष कुमार, पुलिस बल के अलावा आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया, लेकिन अत्यधिक आग लगने से सामान को नहीं बचाया जा सका। तेल और घी पिघलकर रोड पर आ गया, जिससे दोपहिया वाहन देर तक फिसलते रहे।
