सीधी । जिला मुख्यालय सहित इससे लगे ग्रामीण इलाकों में दीपावली के दौरान सजने वाले जुए के बड़े फड़ों का दौर अब लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है। पिछले कुछ वर्षों से इस अवैध गतिविधि के खिलाफ पुलिस की बड़ी छापेमारी की खबरें न के बराबर आने से आम जनमानस में यह संदेश गया है कि त्योहार की आड़ में लगने वाले जुए के फड़ अब पूरी तरह बंद हो चुके हैं।एक समय था जब दीपावली के पावन पर्व पर सीधी शहर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में लाखों रुपये के दांव लगते थे।
शहर के मुख्य ठिकानों से लेकर देहाती इलाकों तक जुआरियों की बड़ी महफिलें सजती थीं जिन पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाइयां और धरपकड़ भी सुर्खियों में रहती थीं। हालांकि हाल के वर्षों में न तो ऐसे बड़े फड़ों की गूंज सुनाई दी है और न ही पुलिस की कोई बड़ी कार्रवाई सामने आई है। भले ही बड़े पैमाने पर होने वाला यह अवैध कारोबार अब थमता नजर आ रहा हो, लेकिन सूत्रों की मानें तो जुए का यह चलन पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। अंदरूनी चर्चाओं के अनुसार आज भी दीपावली के मौके पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की कुछ चुनिंदा व सुरक्षित जगहों पर परंपरा के नाम पर शौकिया तौर पर जुए की महफिलें सजती हैं।
इन फड़ों में केवल गिने-चुने और परिचित लोग ही शामिल होते हैं ताकि किसी भी तरह की भनक बाहर न जा सके। प्रशासनिक सख्ती और लोगों में आई जागरूकता के कारण खुलेआम होने वाली यह बुराई अब सिमट जरूर गई है लेकिन पूरी तरह खत्म होने में अभी और कड़े प्रयासों की जरूरत महसूस की जा रही है।
कभी सजती थी लाखों के जुएं के फड़ की महफिल
एक समय था जब दिवाली पर सीधी शहर से लेकर गांवों तक लाखों रुपये के दांव लगते थे और पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाइयां सुर्खियों में रहती थीं। हालांकि हाल के सालों में खुलेआम होने वाली यह गतिविधि पूरी तरह सिमट गई है। लेकिन सूत्रों की मानें तो यह चलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। आज भी कुछ चुनिंदा ठिकानों पर परम्परा और शौक के नाम पर गिने-चुने लोगों के बीच चोरी छिपे जुए की महफिलें सज रही हैं जिसकी भनक बाहर नहीं आ पाती।
इनका कहना है
शहरी समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी दीपावली पर जुआं के कोई मामले पुलिस की कड़ी चौकसी के बाद भी सामने नहीं आये हैं। ऐसा आभाष होता है कि अब लोगों में जागरूकता ज्यादा आ गई है और वह जुआं से होने वाले दुष्प्रभावों को भी समझने लगे हैं।
राघवेन्द्र द्विवेदी, डीएसपी मुख्यालय सीधी
