
देवास। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी और आतिशबाजी में डूबा हुआ था, उसी दौरान आग की दो घटनाओं ने दो परिवारों को बड़ा नुकसान पहुंचा दिया। शहर में अलग-अलग जगहों पर लगी आग ने एक रेस्टोरेंट और लकड़ी से बने पुराने पुश्तैनी मकान को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों घटनाओं में लगभग 50 लाख रुपए की संपत्ति नष्ट होने का अनुमान है। एक तरफ रेस्टोरेंट में लगा लाखों रुपए का सोलर सिस्टम, एसी और अन्य उपकरण जल गए, तो दूसरी ओर पुराने मकान में रखी पीढ़ियों पुरानी वस्तुएं, जरूरी दस्तावेज, फर्नीचर और आभूषण निर्माण की मशीन आग की भेंट चढ़ गई। दमकल की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
इन घटनाओं के बीच शालिनी रोड पर हुए अग्निकांड को लेकर कचरा प्रबंधन की लापरवाही का मुद्दा भी सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकान के बाहर रखी कचरा पेटी से कचरा फैलकर ओटले तक जमा हो जाता था। उनका कहना है कि आग की शुरुआत इसी कचरे से हुई।
शहर में आग की पहली घटना जवाहर चौक स्थित अग्रवाल कोल्डड्रिंक्स के रेस्टोरेंट में हुई। रात करीब 11:30 बजे आसपास के लोगों ने इमारत के ऊपरी हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। इसकी जानकारी तत्काल रेस्टोरेंट संचालक और दमकल विभाग को दी। आग ऊपरी मंजिल पर बने कोल्ड रूम के आसपास लगी थी। वहां रखे सामान की वजह से लपटों ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। लगभग एक घंटे तक चले प्रयासों के बाद आग को काबू में किया जा सका। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी दमकलकर्मियों की मदद की।
रेस्टोरेंट संचालक राजेंद्र कुमार अग्रवाल के मुताबिक, वे शाम करीब 7 बजे तक दुकान पर मौजूद थे। रात लगभग 11 बजे भी वे वहां पहुंचे थे। इस दौरान उनका एक कर्मचारी नीचे सो रहा था। कुछ देर बाद पड़ोसी ने फोन कर आग लगने की जानकारी दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो ऊपरी हिस्से में आग काफी फैल चुकी थी। अग्रवाल ने बताया कि हादसे में 20 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। कुछ महीने पहले ही करीब 9 लाख रुपए की लागत से 20 किलोवॉट का सोलर प्लांट स्थापित कराया गया था, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा एसी, फ्रिज, पानी की कैन और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली डिस्पोजल सामग्री सहित कई अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गए।
उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट के ऊपरी हिस्से में टिन शेड लगा हुआ है। सामने की ओर हवा और रोशनी के लिए खुली जगह है। शुरुआती आशंका है कि दीपावली पर चलाए जा रहे पटाखों में से कोई जलता हुआ पटाखा उड़कर इस खुले हिस्से से अंदर पहुंचा होगा और उससे आग भड़क गई होगी। सोमवार दोपहर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।
शालिनी रोड पर लकड़ी का पुश्तैनी मकान पूरी तरह राख-
दूसरा बड़ा अग्निकांड जनता बैंक चौराहे के नजदीक शालिनी रोड पर हुआ। यहां सुनील जैन के पुराने पुश्तैनी मकान में रात करीब 12 बजे के आसपास आग लग गई। परिवार को 12:15 बजे घटना की जानकारी मिली। लकड़ी से बने इस मकान में आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरा भवन लपटों से घिर गया। दमकल विभाग को सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि उसे बुझाने में काफी कठिनाई आई। लगातार प्रयासों के बाद रात करीब 3 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। इस मकान में परिवार का पुराना फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और आभूषण बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीन रखी थी। आग की चपेट में आकर पूरा सामान नष्ट हो गया। मकान में लगी लकड़ी भी जलकर कोयले में तब्दील हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक भवन और उसमें रखी सामग्री को मिलाकर करीब 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
परिवार के सदस्यों के लिए यह नुकसान केवल आर्थिक नहीं है। मकान में ऐसी कई चीजें सुरक्षित रखी गई थीं, जो पीढ़ियों से परिवार के पास थीं। इन वस्तुओं से पूर्वजों की यादें जुड़ी हुई थीं। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि वहां मौजूद कई धरोहरों की कीमत पैसों में तय नहीं की जा सकती। आग ने मकान के साथ उन यादों को भी खत्म कर दिया, जिन्हें परिवार ने वर्षों से संभालकर रखा था।
कचरा ट्रॉली हटाने की मांग-
शालिनी रोड स्थित मकान में आग लगने के बाद स्थानीय रहवासियों ने इलाके में कचरा जमा होने की समस्या को लेकर नाराजगी जताई है। हकीमुद्दीन बोहरा, फरहान पटेल, शाहरूख पटेल, तय्यब बोहरा, मनीष, सुनील और सोनू सहित अन्य लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रखी कचरा ट्रॉली के आसपास नियमित रूप से कचरे का ढेर लग जाता है। लोगों के अनुसार, जिस मकान में आग लगी, उसके ओटले तक कचरा जमा रहता था। हकीमुद्दीन बोहरा ने कहा कि आग की शुरुआत संभवत: इसी कचरे से हुई थी। रहवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि संबंधित स्थान से कचरा पेटी हटाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं का खतरा कम हो सके।
दीपावली की रात हुए दोनों हादसों के बाद सोमवार सुबह घटनास्थलों पर बर्बादी के निशान दिखाई दिए। रेस्टोरेंट में जले हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान बिखरा पड़ा था, जबकि शालिनी रोड पर लकड़ी का पुराना मकान पूरी तरह राख और कोयले में बदल चुका था। दोनों परिवारों को लाखों रुपए की आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। रेस्टोरेंट संचालक के लिए कारोबार से जुड़े जरूरी उपकरणों का नष्ट होना बड़ी परेशानी है, वहीं पुश्तैनी मकान के परिवार को उन पुरानी धरोहरों के खोने का दुख है, जिन्हें दोबारा हासिल करना संभव नहीं है।
