
रीवा, चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा. रात के अंधेरे में हाथ साफ करने वाले शातिर चोर अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. रीवा के अमहिया थाना क्षेत्र में एक शिक्षक के घर हुई दिलेरी की यह लाइव चोरी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. मामला अमहिया थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा के पास का है. यहां रहने वाले शिक्षक अशोक मिश्रा के घर को एक बेखौफ चोर ने अपना निशाना बनाया. घटना आज सुबह यानी 9 नवंबर की सुबह करीब 8:00 बजे की है. सिसीटीबी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर कितनी बेबाकी से घर के पास पहुंचता है. वो सबसे पहले चैनल गेट के बगल में लगे बिजली मीटर के पास जाता है और वहां से बिजली का केबल तार काट देता है. इसके बाद वो यहीं नहीं रुकता, बल्कि सीधे घर के अंदर दाखिल हो जाता है. घर के अंदर जाकर चोर ने केबल निकाली और वहां से रफूचक्कर हो गया. पीडि़त शिक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि घर में काम करने वाली बाई सुबह आती है, इसी वजह से उन्होंने सुबह 7:00 बजे ही चैनल गेट का ताला खोल दिया था. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि सुबह के उजाले में कोई ऐसी हिमाकत कर सकता है. फिलहाल इस घटना के बाद से पूरी कॉलोनी के लोग दहशत में हैं.
