भोपाल। दीपों का त्योहार… खुशियों और रोशनी का पर्व… लेकिन भोपाल में दीपावली की रात कई परिवारों के लिए आफत बन गई। पटाखों की चिंगारी और जलते दीयों से शहर में एक-दो नहीं, बल्कि कई जगह आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
सबसे बड़ा नुकसान गांधी नगर की ग्रीन वे कॉलोनी में हुआ, जहां पूजा के दौरान जलाए गए दीये से फ्लैट के पर्दों में आग लग गई। देखते ही देखते घर का पूरा सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और जेवर जलकर खाक हो गए। करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ। गनीमत रही कि परिवार उस वक्त घर पर नहीं था।
वहीं, घोड़ा नक्कास में तीन मंजिला इमारत की दुकान में लगी आग ने तीन लोगों की जान जोखिम में डाल दी। तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को स्थानीय युवकों ने करीब 40 फीट की ऊंचाई से रस्सी के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा।
इसके अलावा जुमेराती, कटारा हिल्स, नीलबढ़ समेत कई इलाकों में आगजनी की घटनाएं हुईं। दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
यानी, रोशनी के इस त्योहार पर जरा सी लापरवाही ने कई जगह बड़ा नुकसान कर दिया।
