सतना। दीपावली के पावन अवसर पर चित्रकूट में बघेलखंड और बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। यहां वर्षों पुरानी लोक परंपरा देवारी नृत्य की टोलियां अपने पारंपरिक अंदाज और शानदार कला प्रदर्शन से लोगों का मन मोह रही हैं। दीपोत्सव के दौरान चित्रकूट में देवारी नृत्य का विशेष आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से करीब एक दर्जन टोलियां शामिल हुई हैं। सभी टोलियां भक्तिभाव और उत्साह के साथ अपनी कला का प्रदर्शन कर रही हैं।
देवारी नृत्य बघेलखंड और बुंदेलखंड की लोक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस वर्षों पुरानी परंपरा को राष्ट्रऋषि और भारतरत्न नानाजी देशमुख ने दीनदयाल शोध संस्थान के माध्यम से एक उत्सव का स्वरूप दिया था। उनका उद्देश्य क्षेत्र की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को पहचान दिलाना और आने वाली पीढ़ियों तक इस विरासत को पहुंचाना था।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी दीपावली के अवसर पर चित्रकूट में देवारी नृत्य का आयोजन किया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों से पहुंची करीब एक दर्जन टोलियां पारंपरिक वेशभूषा और लोक शैली में अपनी प्रस्तुतियां दे रही हैं। कलाकारों के प्रदर्शन के माध्यम से चित्रकूट में बुंदेलखंड और बघेलखंड की सांस्कृतिक विरासत जीवंत हो उठी है।