त्यागी नगर में सीवर का कहर, घरों में भरा गंदा पानी

ग्वालियर: ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले त्यागी नगर के रहवासी पिछले कई महीनों से गंभीर सीवर समस्या से जूझ रहे हैं। सीवर लाइन चोक होने के कारण गंदा और बदबूदार पानी सड़कों के साथ-साथ लोगों के घरों के अंदर तक भर रहा है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और उन्हें नारकीय परिस्थितियों के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

रोशनी और खुशियों के महापर्व दीपावली पर भी त्यागी नगर के लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुईं। घरों के भीतर और चौखट पर सीवर का गंदा पानी जमा होने के कारण लोग न तो घरों की साफ-सफाई और सजावट कर पा रहे हैं और न ही त्योहार की तैयारियां। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति में दीपावली मनाना तो दूर, घरों में सांस लेना भी दूभर हो गया है।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक, इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद, क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक और नगर निगम प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद महीनों बीत जाने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि अब तक सिर्फ कागजी आश्वासन मिलते रहे, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे स्थानीय रहवासियों में नगर निगम प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है।

मामले की जानकारी स्थानीय कार्यकर्ता अनंत शर्मा को मिलने पर वे त्यागी नगर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की गलियों का जायजा लिया। अनंत शर्मा ने घरों के अंदर भरे सीवर के गंदे पानी की स्थिति को भी मौके पर देखा और लोगों की परेशानी को गंभीरता से लिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद अनंत शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नगर निगम कमिश्नर से संपर्क किया और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। नगर निगम आयुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। अब क्षेत्रवासियों को इंतजार है कि नगर निगम का यह आश्वासन कब तक जमीनी कार्रवाई में बदलता है और सीवर लाइन की सफाई व मरम्मत का काम शुरू होता है।

त्यागी नगर के लोगों की उम्मीद है कि नगर निगम जल्द सीवर की समस्या का स्थायी समाधान कर उन्हें गंदे पानी और बदबू से राहत देगा, ताकि उनके घरों में एक बार फिर साफ-सफाई के साथ दीपावली की खुशियां लौट सकें।

Next Post

जालसाजों ने खातों से उड़ाए 1.98 लाख

Mon Nov 9 , 2026
जबलपुर। शातिर ठगों ने दो खातों से 1 लाख 98 हजार 500 रुपये पार कर दिए। जानकारी के मुताबिक संजीवनी नगर थाना अंतर्गत जसूजा सिटी निवासी घनश्याम चौधरी के पास अज्ञात नंबर से फोन आया। ठग ने खुद को नोएडा से एसबीआई क्रेडिट कार्ड सर्विस का कर्मचारी बताया। उसने पीड़ित […]

You May Like